राष्ट्रीय
07-Apr-2026


नई दिल्ली (ईएमएस)। राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) ने बॉलीवुड फिल्म ‘केडी द डेविल’ के विवादित गाने ‘सरके चुनर तेरी’ को लेकर गीतकार, निर्देशक और निर्माता को कड़ी फटकार लगा दी है। महिला आयोग ने स्पष्ट कहा कि महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाले गाने रचनात्मकता के नाम पर स्वीकार नहीं किए जा सकते। गीतकार रकीब आलम, निर्देशक प्रेम, और निर्माता कंपनी केवीएन प्रोडक्शंस के प्रतिनिधि गौतम केएम और सुप्रीथ आयोग के समक्ष पेश हुए। सुनवाई की अध्यक्षता विजया रहाटकर ने की, जिन्होंने कहा कि यह गाना महिलाओं की गरिमा के खिलाफ है और ऐसे सामग्री के प्रति मनोरंजन उद्योग को सामाजिक जिम्मेदारी का पालन करना होगा। उपस्थित मेकर्स ने गलती स्वीकार की और भविष्य में ऐसी सामग्री न बनाने का वादा किया। उन्होंने यह भी कहा कि गाना कन्नड़ भाषा में होने के कारण इसके आपत्तिजनक अर्थ का उन्हें पूरा ज्ञान नहीं था, जिसे आयोग ने आंशिक रूप से ही स्वीकार किया। सभी ने लिखित माफीनामा प्रस्तुत किया और अगले तीन महीनों में महिला सशक्तिकरण के लिए ठोस कदम उठाने का संकल्प लिया। हालांकि, मुख्य कलाकार नोरा फतेही और संजय दत्त आयोग के सामने उपस्थित नहीं हो पाए। नोरा की ओर से अधिवक्ता ने तर्क पेश करने की कोशिश की, लेकिन आयोग ने उन्हें व्यक्तिगत रूप से पेश होने का निर्देश दिया। संजय दत्त ने शूटिंग के कारण अनुपस्थिति बताई। आयोग ने नोरा को 27 अप्रैल और संजय दत्त को 8 अप्रैल को पेश होने का अंतिम मौका दिया। विवाद बढ़ने के बाद गाना सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से हटा दिया गया है। नोरा फतेही ने पहले ही माफी मांगी और स्पष्ट किया कि वह अब गाने या फिल्म के प्रमोशन का हिस्सा नहीं बनेंगी। आयोग की यह कार्रवाई मनोरंजन उद्योग में नैतिक और सामाजिक जिम्मेदारियों पर महत्वपूर्ण बहस को जन्म दे सकती है। यह कदम स्पष्ट संदेश है कि कलात्मक स्वतंत्रता के नाम पर अश्लील या आपत्तिजनक सामग्री को बढ़ावा नहीं दिया जा सकता। आशीष दुबे / 07 अप्रैल 2026