मथुरा(ईएमएस)। यूपी में गर्मी के बीच बारिश और आंधी का सिलसिला थम नहीं रहा। मथुरा में मंगलवार दोपहर तेज आंधी और बारिश हुई। इससे संत मलूक दास की जयंती कार्यक्रम के लिए लगाया गया टेंट उड़ गया। कार्यक्रम में सुबह मोहन भागवत शामिल हुए थे। शाम को सीएम योगी शामिल हुए। हालांकि, प्रशासन ने सीएम के आने से पहले ही टेंट को दुरुस्त करा दिया था। गाजियाबाद-नोएडा, बदायूं और हाथरस में भी तेज बारिश शुरू हुई। बदायूं में दिन में अंधेरा छा गया। आगरा में आंधी से मैरिज हॉल का गेट गिर गया। जिसमें एक ऑटो दब गया। हालांकि, ऑटो का ड्राइवर बाल-बाल बच गया। हाथरस में 40 किमी की रफ्तार से तेज आंधी चली। 10 से ज्यादा पेड़ गिर गए, बिजली के पोल और तार टूट गए, जिससे कई इलाकों में बिजली सप्लाई ठप हो गई। इससे पहले, सुबह लखनऊ, मेरठ और गाजियाबाद में बूंदाबांदी हुई थी। विनोद उपाध्याय / 07 अप्रैल, 2026