राष्ट्रीय
07-Apr-2026


कोलकाता (ईएमएस)। पश्चिम बंगाल के पूर्वी बर्दवान जिले की गलसी विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार राजू पात्रा मंगलवार को अपना नामांकन दाखिल करने बुलडोजर पर सवार होकर पहुंचे। उनका संदेश स्पष्ट था। उन्होंने कहा कि अगर वे चुनाव जीतते हैं, तो बुलडोजर का इस्तेमाल करके अत्याचार, भ्रष्टाचार, महिलाओं और बहनों पर होने वाले जुल्म और विकास की कमी जैसी समस्याओं को खत्म करेंगे। राजू पात्रा ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश के बुलडोजर मॉडल से प्रेरणा लेकर पश्चिम बंगाल में भी हत्या, बलात्कार और रंगदारी जैसे अपराधों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी और बुलडोजर राज लागू किया जाएगा। मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा, उत्तर प्रदेश से प्रेरणा लेकर पश्चिम बंगाल में भी हत्या, बलात्कार और रंगदारी जैसे अपराधों पर रोक लगाने के लिए बुलडोजर मॉडल लागू किया जाएगा। मैं यह सुनिश्चित करूंगा कि मेरे चुने जाने के बाद इस तरह के कोई अपराध न हों। सुबोध/०७-०४-२०२६