परिवार की गणना हुई, लेकिन सर्वे क्रमांक और मकान नंबर छूटा तहसीलदार को कार्रवाई के निर्देश बालाघाट (ईएमएस). वारासिवनी तहसील के ग्राम कोचेवाही में जनगणना कार्य में लापरवाही का मामला सामने आया है। यहां एक ग्रामीण ने शिकायत करते हुए बताया कि उसके घर की गणना तो की गई, लेकिन मकान पर सर्वे क्रमांक और मकान नंबर नहीं लिखा गया। ग्राम कोचेवाही निवासी बुधराम माहेश्वर जनसुनवाई में अपनी शिकायत लेकर पहुंचे। उन्होंने बताया कि जनगणना के दौरान अधिकारी उनके घर आए और परिवार के सदस्यों की गणना भी की गई, लेकिन घर के सामने गणना क्रमांक और मकान नंबर अंकित नहीं किया गया। बुधराम का कहना है कि मकान नंबर और सर्वे क्रमांक दर्ज न होने से भविष्य में शासकीय योजनाओं का लाभ लेने में परेशानी हो सकती है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि शीघ्र उनके मकान पर सर्वे क्रमांक और मकान क्रमांक अंकित कराया जाए, ताकि रिकॉर्ड में किसी प्रकार की त्रुटि न रहे। मामले को गंभीरता से लेते हुए जनसुनवाई में अधिकारियों ने तहसीलदार वारासिवनी को आवश्यक जांच कर जल्द कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। जनगणना जैसे महत्वपूर्ण कार्य में इस तरह की लापरवाही प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है। अब देखना होगा कि संबंधित अधिकारी कितनी जल्दी इस त्रुटि को सुधारते हैं। भानेश साकुरे / 07 अप्रैल 2026