पानी निकासी बाधित होने से बढ़ी परेशानी सीएमओ को कार्रवाई के निर्देश बालाघाट (ईएमएस). वारासिवनी में पानी निकासी के मुख्य नाले पर अतिक्रमण का मामला जनसुनवाई में सामने आया है। स्थानीय निवासी शीला बाई बर्वे ने नाले पर कब्जे के कारण जलभराव की गंभीर समस्या की आशंका जताते हुए प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। वारासिवनी निवासी शीला बाई बर्वे जनसुनवाई में शिकायत लेकर पहुंचीं, जिसमें उन्होंने शहर और नहर के पानी निकासी के मुख्य मार्ग पर अतिक्रमण किए जाने का आरोप लगाया। उन्होंने बताया कि बीड़ी कॉलोनी स्थित सिंचाई (एरिकेशन) कार्यालय के पीछे से गुजरने वाला नाला शहर और नहर के पानी की निकासी का प्रमुख रास्ता है। लेकिन हाल ही में कुछ लोगों द्वारा नाले के आसपास मिट्टी और मुरम डालकर उसे संकरा कर दिया गया है, जिससे नाले का प्रवाह लगभग बंद होने की स्थिति में पहुंच गया है। इस कारण क्षेत्र में पानी की निकासी बाधित हो रही है और बारिश के मौसम में जलभराव की गंभीर समस्या उत्पन्न होने की आशंका बनी हुई है। शीला बाई ने प्रशासन से मांग की है कि नाले पर किए गए अतिक्रमण को तत्काल हटाकर पानी के सुचारू निकासी मार्ग को बहाल किया जाए, ताकि स्थानीय लोगों को राहत मिल सके और भविष्य में किसी बड़ी समस्या से बचा जा सके। मामले की गंभीरता को देखते हुए जनसुनवाई में अधिकारियों ने सीएमओ वारासिवनी को आवश्यक जांच कर जल्द कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। भानेश साकुरे / 07 अप्रैल 2026