अस्थायी हॉस्पिटल में करवाई थी भोजन व्यवस्था करवाई 92 हजार रुपये अटके, जनसुनवाई में उठी शिकायत बालाघाट (ईएमएस). जनसुनवाई में कोविड-19 काल की एक पुरानी लेकिन गंभीर शिकायत सामने आई है। ग्राम परसवाड़ा के एक युवक ने आरोप लगाया है कि महामारी के दौरान किए गए भोजन व्यवस्था के कार्य का भुगतान आज तक नहीं किया गया है। ग्राम पंचायत परसवाड़ा निवासी दीपक परते जनसुनवाई में अपनी शिकायत लेकर पहुंचे। उन्होंने बताया कि वर्ष 2022 में कोविड-19 महामारी के दौरान ग्राम सेरपार में एक अस्थायी हॉस्पिटल बनाया गया था। दीपक के अनुसार उस समय स्वास्थ्य विभाग के बीपीएम अनिल कुकडे द्वारा उनसे मरीजों और स्टाफ के लिए भोजन व्यवस्था का कार्य कराया गया था। उन्होंने जिम्मेदारी निभाते हुए पूरा कार्य किया, लेकिन आज तक उन्हें 92 हजार रुपये की भुगतान राशि नहीं दी गई है। दीपक का कहना है कि पिछले तीन वर्षों से वह लगातार स्वास्थ्य विभाग के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन हर बार उन्हें टालमटोल कर दिया जाता है। इससे उन्हें आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जनसुनवाई में अधिकारियों ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को प्रकरण की जांच कर शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। कोविड जैसे संकट के समय सेवा देने वालों को समय पर भुगतान न मिलना व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। अब उम्मीद है कि प्रशासन की पहल से पीडि़त को जल्द न्याय मिलेगा। भानेश साकुरे / 07 अप्रैल 2026