इन्दौर (ईएमएस) मप्र महिला कांग्रेस की अध्यक्ष रीना बौरासी सेतिया के कॉलेज रेडिएंट इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड साइंस की मान्यता डीएवीवी द्वारा एफिलिएशन खत्म करने के बाद उच्च शिक्षा विभाग ने निरस्त कर दी है। मामले में बताया जा रहा है कि विभाग कॉलेज की मान्यता पहले ही खत्म कर चुका था, लेकिन गलती से सत्र 2026-27 के लिए मान्यता सूची में कालेज का नाम मान्यता दे दी गई मे शामिल हो गया था। प्रज्जवल खरे, प्रभारी रजिस्ट्रार, देवी अहिल्या यूनिवर्सिटी के अनुसार विभाग ने जब पिछले सत्र में कॉलेज की एनओसी निरस्त की तो ही हमने एफिलिएशन खत्म किया। इसके बाद विभाग ने पहले इसे मान्यता दे दी जो कि उसी आधार पर फिर से निरस्त कर दी गई है। ज्ञात हो कि कॉलेज का नाम यूनिवर्सिटी पेपर लीक कांड में भी आया था, जिसमें उसके एक प्रोफेसर की गिरफ्तारी हुई थी। वहीं कॉलेज के तय स्थान पर नहीं चलने और अन्य कमियां पाएं जाने पर सत्र 2025-26 में विभाग ने एनओसी निरस्त कर मान्यता खत्म कर दी। जिसके बाद कॉलेज प्रबंधन अपील में गया तो विभाग ने मान्यता को बहाल कर 6 माह में कमियां पूरी करने को कहा। लेकिन कमियां पूरी नहीं हुई तो फिर से एनओसी निरस्त कर मान्यता खत्म कर दी गई थी। इसके बाद सत्र 2026-27 के लिए विभाग ने अप्रैल में जारी लिस्ट में रेडिएंट कॉलेज को मान्यता जारी कर दी। जब विभाग को एफिलिएशन और मान्यता नहीं होने की सूचना दी गई तो यूनिवर्सिटी के फरवरी वाले पत्र का हवाला देते हुए मान्यता के अनापत्ति पत्र को फिर तत्काल प्रभाव से निरस्त करने के आदेश जारी किए गए। आनंद पुरोहित/ 08 अप्रैल 2026