राज्य
08-Apr-2026
...


इन्दौर (ईएमएस) कल शाम करीब 6 बजे एक ट्रैप कार्रवाई आयोजित कर लोकायुक्त टीम ने 90 हजार रुपए की रिश्वत लेते पीडब्ल्यूडी के दो अधिकारियों को रंगेहाथों पकड़ा। उन्होंने यह रिश्वत की राशि 17 लाख का बिल पास करने के एवज में ठेकेदार से मांगी थी जिसकी शिकायत ठेकेदार ने लोकायुक्त को की। शिकायत सत्यापन पश्चात लोकायुक्त ने टीम गठित कर योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कार्रवाई को कल शाम 6 बजे पीडब्ल्यूडी परिसर में ही अंजाम देते दोनों रिश्वतखोर अधिकारियों को पकड़ा। इस दौरान पीडब्ल्यूडी परिसर में हड़कंप मच गया था। पकड़ाएं रिश्वतखोर अधिकारियों के नाम लोक निर्माण विभाग, विद्युत एवं यांत्रिकी संभाग इंदौर के सहायक यंत्री व प्रभारी कार्यपालन अधिकारी बालकुमार जैन निवासी श्रीमंगल नगर, बिचौली मर्दाना के पास इंदौर एवं उपयंत्री व प्रभारी अनुविभागीय अधिकारी धीरेंद्र कुमार नीमा निवासी गोकुल नगर, कनाडिया रोड बायपास इंदौर है। लोकायुक्त एसपी डॉ. राजेश सहाय के अनुसार दोनों आरोपियों को फरियादी ग्वालियर निवासी राघवेंद्र सिंह गुर्जर की शिकायत पर पकड़ा गया। फरियादी गुर्जर ओम एंटरप्राइज, डीडी नगर, गोले का मंदिर ग्वालियर में लायजनिंग मैनेजर का कार्य करता है। उसकी फर्म ने राऊ से बामपुरा तक इलेक्ट्रीक सिटिंग का कार्य बीस लाख रुपए में सितम्बर 2025 में लिया था। उसकी फर्म ने उक्त कार्य एक माह में पूर्ण कर दिया था। फर्म द्वारा किए गए कार्य का जीएसटी सहित सत्रह लाख रुपए का भुगतान होना था। इसके लिए आरोपी बालकुमार जैन व आरोपी धीरेन्द्र कुमार नीमा ने राशि के भुगतान के लिए आरोपी बालकुमार जैन ने 4 प्रतिशत के मान से 60,000 रुपए एवं आरोपी धीरेन्द्र कुमार नीमा ने 2 प्रतिशत के मान से 30,000 रुपए सहित दोनों ने कुल 90,000 रुपए रिश्वत की मांग की थी। इसकी शिकायत फरियादी ने लोकायुक्त से की थी। शिकायत सत्यापन पश्चात कल शाम लोकायुक्त इंस्पेक्टर आशुतोष मिठास के नेतृत्व में टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कार्रवाई करते फरियादी से आरोपी बालकुमार जैन को साठ हजार रुपए एवं आरोपी धीरेन्द्र कुमार नीमा को तीस हजार रुपए रिश्वत राशि लेते रंगेहाथ पकड़ा। आरोपियों के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण संशोधन अधिनियम 2018 की धारा 7 एवं 61 (2) बीएनएस 2023 के तहत कार्रवाई की गई। आनंद पुरोहित/ 08 अप्रैल 2026