क्षेत्रीय
08-Apr-2026
...


रायसेन ।नगर पालिका परिषद का नया भवन अब जल्द ही शुरू होने की तैयारी में है। दशहरा मैदान के पास महिला वन स्टॉप सेंटर के समीप निर्मित नवीन भवन का निरीक्षण कर नपाध्यक्ष प्रतिनिधि जमना सेन ने व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित ठेकेदारों को शेष कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। नगर पालिका परिषद रायसेन को जल्द ही अपने नए कार्यालय भवन की सौगात मिलने वाली है। दशहरा मैदान के समीप महिला वन स्टॉप सेंटर के पास निर्मित नवीन नपा कार्यालय भवन लगभग तैयार हो चुका है और जल्द ही यहां कार्यालय शिफ्ट किए जाने की प्रक्रिया शुरू होगी।बुधवार को सुबह नपाध्यक्ष प्रतिनिधि जमना सेन ने नवीन नगर पालिका कार्यालय भवन का निरीक्षण कर निर्माण कार्य, कक्षों की व्यवस्था, साफ-सफाई और अन्य जरूरी सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित ठेकेदारों को निर्देश दिए कि भवन से जुड़े शेष कार्यों को तेजी से पूरा किया जाए। ताकि जल्द से जल्द भवन नगर पालिका स्वामित्व में लेकर यहां कार्यालयीन कामकाज शुरू किया जा सके। उन्होंने निरीक्षण के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों को भी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। नए भवन के शुरू होने से नगर पालिका के कार्यों में सुगमता आएगी और आम नागरिकों को भी बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी। इस दौरान स्वच्छता निरीक्षक शशिकांत मोहोड़, थान सिंह लोधी, नरेंद्र मालवीय, संजय यादव सहित नगर पालिका के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। किशोर वर्मा ईएमएस रायसेन 08/04/2026