कटिहार, (ईएमएस)। बिहार की कटिहार पुलिस ने फलका थाना क्षेत्र में हुई घटना के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इनमें पहले गिरफ्तार किए गए 5 आरोपियों के साथ अब 4 और अभियुक्तों को विधिवत गिरफ्तार किया गया है। पुलिस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 4 अप्रैल को फलका थाना क्षेत्र में कुछ लोगों द्वारा सड़क जाम कर प्रदर्शन किया गया और थाना परिसर में उपद्रव की स्थिति उत्पन्न कर दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। इस दौरान कुछ असामाजिक तत्वों ने पुलिस के साथ अभद्र व्यवहार किया और सरकारी हथियार छीनने का प्रयास भी किया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छीने गए हथियार को सुरक्षित बरामद कर लिया। इसके बाद सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस ने पहले 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया था। अब 4 और अभियुक्तों नीरज कुमार (19 वर्ष), सूरज कुमार (30 वर्ष), प्रकाश यादव और नजरुद्दीन को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। इस तरह कुल 9 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य लोगों की पहचान भी सीसीटीवी फुटेज के जरिए की जा रही है और उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। संतोष झा-०८ अप्रैल/२०२६/ईएमएस