क्षेत्रीय
08-Apr-2026


मुजफ्फरपुर, (ईएमएस)। बिहार में अपराध और अवैध शराब कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बिहार पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। बिहार एसटीएफ की टीम ने मुजफ्फरपुर जिले के कुख्यात वांछित शराब माफिया राजा साह उर्फ राजा गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई हथौड़ी थाना कांड संख्या 219/25 के तहत की गई। आरोपी काफी समय से फरार चल रहा था और पुलिस को उसकी तलाश थी। गुप्त सूचना के आधार पर एसटीएफ की टीम ने मुजफ्फरपुर रेलवे स्टेशन परिसर में छापेमारी की, जहां से उसे गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, राजा साह के खिलाफ मुजफ्फरपुर जिले के विभिन्न थानों में 16 से अधिक मामले दर्ज हैं। इनमें अवैध शराब तस्करी के साथ-साथ आर्म्स एक्ट से जुड़े गंभीर मामले भी शामिल हैं। वह लंबे समय से शराब तस्करी के नेटवर्क को संचालित कर रहा था और पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ था। गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब उससे पूछताछ कर रही है, जिससे उसके नेटवर्क और अन्य सहयोगियों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की उम्मीद है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस गिरफ्तारी से जिले में अवैध शराब के कारोबार पर बड़ी चोट पहुंचेगी। संतोष झा-०८ अप्रैल/२०२६/ईएमएस