नई दिल्ली (ईएमएस)। अप्रैल में जहां आमतौर पर गर्मी पड़ती है, वहीं इस बार दिल्ली में पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम ठंडा बना हुआ है। तापमान सामान्य से नीचे पहुंच गया है और लोगों को हल्की सर्दी का अहसास हो रहा है। आईएमडी के अनुसार, 14 अप्रैल तक बारिश की संभावना कम है, लेकिन देश के अलग-अलग राज्यों में बारिश, तेज हवाएं और ओलावृष्टि का दौर जारी रह सकता है। दिल्ली में अप्रैल का महीना आमतौर पर तपती गर्मी के लिए जाना जाता है, लेकिन इस बार मौसम का अलग ही रंग देखने को मिल रहा है। बारिश के चलते राजधानी में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है और लोगों को अप्रैल में भी ठंड का एहसास हो रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम 31 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। हालांकि, इस बीच आईएमडी के मुताबिक, अगले पांच दिन यानी कि 14 अप्रैल तक बारिश का कोई अनुमान नहीं है। लोगों को तेज गर्मी का सामना करना पड़ सकता है। बुधवार को दिल्ली में मौसम ठंडा रहा। सफदरजंग में अधिकतम तापमान 28.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब 6.9 डिग्री कम है। यह पिछले 11 वर्षों में अप्रैल का सबसे कम अधिकतम तापमान माना जा रहा है। इससे पहले 23 अप्रैल 2016 को अधिकतम तापमान 27.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था। पिछले 24 घंटों के दौरान सफदरजंग में 6.4 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो 4 अप्रैल 2023 के बाद सबसे अधिक है। पालम में हल्की वर्षा दर्ज हुई। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/09/ अप्रैल /2026