-गौरव गोगोई, बदरुद्दीन अजमल समेत कई दिग्गजों ने डाला वोट; 2.5 करोड़ मतदाता तय करेंगे भविष्य डिसपुर,(ईएमएस)। असम में विधानसभा चुनाव 2026 के लिए मतदान आज सुबह 7 बजे से शुरू हो गया है। राज्य के 35 जिलों में बने 31,490 मतदान केंद्रों पर शाम 5 बजे तक वोट डाले जा रहे हैं। इस चुनाव में कुल 722 उम्मीदवार मैदान में हैं और करीब 2.50 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करने के पात्र हैं, जिनमें लगभग 1.25 करोड़ महिलाएं और तृतीय लिंग के 318 मतदाता शामिल हैं। ऐसे में कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने मतदाताओं से बढ़-चढ़कर मतदान करने की अपील की है। इस चुनाव मैदान में कई प्रमुख नेता अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। इनमें मुख्यमंत्री हेमंत विसवा सरमा, कांग्रेस नेता गौरव गोगोई, नेता प्रतिपक्ष देबब्रत सैकिया, एआईयूडीएफ प्रमुख बदरुद्दीन अजमल, राइजोर दल के अखिल गोगोई और एजेपी अध्यक्ष लुरिंज्योति गोगोई प्रमुख हैं। मतदान के दौरान कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने जोरहाट के एक मतदान केंद्र पर अपनी बीमार मां के साथ वोट डाला। उन्होंने इसे असम के लिए अहम दिन बताते हुए कहा कि उनकी मां पहले स्वास्थ्य कारणों से वोट नहीं डाल पाई थीं, लेकिन इस बार उनका साथ मिलना उनके लिए भावनात्मक क्षण है। इस बीच, कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने भी लोगों से मतदान करने की अपील की। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा करते हुए कहा, “असम की मेरी प्यारी बहनों और भाइयों, लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा लीजिए। अपने राज्य, अपनी संस्कृति और अपने उज्ज्वल भविष्य के लिए वोट करें।” पार्टीवार मुकाबले की बात करें तो कांग्रेस ने 99 उम्मीदवार मैदान में उतारे हैं, जबकि भाजपा 90 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। एआईयूडीएफ 30 सीटों पर, असम गण परिषद 26 और बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट 11 सीटों पर चुनाव लड़ रहे हैं। इसके अलावा कई अन्य दलों और 258 निर्दलीय उम्मीदवारों ने भी चुनावी मैदान में अपनी दावेदारी पेश की है। हिदायत/ईएमएस 09अप्रैल26