असम में सबसे अधिक 38फीसद तो पुडुचेरी में 37 प्रतिशत और केरल में 32 प्रतिशत हुआ मतदान नई दिल्ली,(ईएमएस)। असम, केरल और केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में आज एक चरण में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान जारी है। सुबह 11 बजे तक प्राप्त आंकड़ों के अनुसार असम में सबसे अधिक मतदान हुआ है, जहां 38.92 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। पुडुचेरी में 37 प्रतिशत से अधिक और केरल में 32.78 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है। चुनाव आयोग के अनुसार असम में 126 सीटों पर 722 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करने के लिए 31,940 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए 1.5 लाख से अधिक सुरक्षा कर्मियों को तैनात किया गया है। संवेदनशील मतदान केंद्रों की निगरानी के लिए विशेष माइक्रो-ऑब्जर्वर नियुक्त किए गए हैं। इस बार चुनाव मुख्य रूप से सत्ताधारी दल और विपक्ष के बीच कड़ा मुकाबला दिखा रहा है। मतदाता बड़ी संख्या में अपने भविष्य के जनप्रतिनिधियों को चुनने के लिए मतदान केंद्रों पर पहुंच रहे हैं। केरल में मुकाबला तीन मोर्चों पर केरल की 140 सीटों पर एक ही चरण में मतदान हो रहा है, जिसमें 883 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। राज्य में कुल 2.71 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। यहाँ राजनीतिक लड़ाई तीन मोर्चों पर केंद्रित है: एलडीएफ सत्ता में तीसरी बार वापसी की कोशिश कर रहा है, यूडीएफ अपनी खोई जमीन को वापस पाने का प्रयास कर रहा है, जबकि एनडीए राज्य में अपना पहला चुनावी खाता खोलने की उम्मीद लगाए बैठा है। पुडुचेरी में उत्साहजनक मतदान केंद्रशासित प्रदेश पुडुचेरी में 9.50 लाख मतदाता 294 उम्मीदवारों की किस्मत तय करेंगे। यहाँ भी सुबह से ही मतदान केंद्रों के बाहर लंबी कतारें लगी हैं और मतदाता उत्साह के साथ अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। चुनाव आयोग ने सुबह 11 बजे तक के आंकड़े जारी करते हुए कहा कि मतदान प्रक्रिया पूरी तरह शांतिपूर्ण और व्यवस्थित है। मतदान शाम 5 बजे तक जारी रहेगा और सभी राज्यों में सुरक्षा व निगरानी का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। हिदायत/ईएमएस 09अप्रैल26