रायपुर(ईएमएस)। नगर निगम जोन-3 क्षेत्र के शंकर नगर वार्ड क्रमांक 30 में नाले पर किए गए अतिक्रमण को हटाते हुए विशेष सफाई अभियान चलाया गया। इस दौरान नाले से बड़ी मात्रा में मलबा और गंदगी निकालकर जल निकासी को सुगम बनाया गया। नगर निगम आयुक्त विश्वदीप के निर्देश पर अपर आयुक्त विनोद पाण्डेय ने जोन कमिश्नर प्रीति सिंह, कार्यपालन अभियंता ईश्वर लाल टावरे और जोन स्वास्थ्य अधिकारी पूरन कुमार ताण्डी की उपस्थिति में मौके का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि नाले के ऊपर टीन शेड लगाकर अतिक्रमण किया गया था, जिससे लंबे समय से सफाई कार्य बाधित हो रहा था। इस पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों ने तत्काल अतिक्रमण हटाकर सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निर्देश मिलते ही निगम की टीम ने कार्रवाई करते हुए टीन शेड हटाया और नाले को अतिक्रमण मुक्त किया। इसके बाद विशेष अभियान चलाकर नाले की सफाई की गई, जिसमें बड़ी मात्रा में जमा गंदगी और मलबा निकाला गया। निकाले गए कचरे का तुरंत परिवहन कर क्षेत्र में स्वच्छता सुनिश्चित की गई और जल निकासी व्यवस्था को सुचारु बनाया गया। यह कार्रवाई स्वच्छता सर्वेक्षण 2026 की तैयारियों के तहत की गई। सत्यप्रकाश(ईएमएस)09 अप्रैल 2026