नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान अक्षर पटेल ने गुजरात टाइटंस के खिलाफ रोमांचक मुकाबले में एक रन से हारने से दुखी अपनी टीम का हौंसला बढ़ाया है। अक्षर ने खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाते हुए कहा कि वे निराशा होने की जगह पर सकारात्मक रुख अपनायें। अक्षर ने कहा, सत्र की शुरुआत में मैंने कहा था कि अपनी भावनाओं पर नियंत्रण रखो और हर हालत में शांत रहो। सभी निराश हैं पर हमने मैच में जिस प्रकार से अंतिम गेंद तक खेला उससे हमारे पास खुश होने का भी कारण है। बस हमें प्रयास करते रहना हैं। यह लंबा टूर्नामेंट है, हम चेन्नई जाकर नई शुरुआत करेंगे। मुस्कुराते रहो। इस मैच में दिल्ली को अंतिम ओवर में जीत के लिए 2 रन चाहिए थे पर डेविड मिलर की एक गलती से मैच दिल्ली के हाथ से फिसल गया। मिलर ने पांच गेंद पर एक रन नहीं लिया और अंतिम गेंद पर वह बड़ा शॉट लगाने में विफल रहे। मिलर ने 20 गेंदों में नाबाद 41 रन बनाकर दिल्ली की उम्मीदें जगायी थीं पर वह टीम को जीत नहीं दिला पाये। ईएमएस 09 अप्रैल 2026