बीजिंग (ईएमएस)। चीन में जारी एशियाई बैडमिंटन चैम्पियनशिप में भारत के अयुष शेट्टी पुरुष एकल में जीत के साथ ही क्वार्टरफाइनल में पहुंच गये हैं। वहीं महिला एकल में भारत की शीर्ष वरीयता प्राप्त खिलाड़ी पीवी सिंधु को हार का सामना करना पड़ा है। पुरुष एकल में अयुष ने अच्छा प्रदर्शन करते हुए चीनी ताइपे के शी यू जिन को सीधे गेम में 21-16, 21-12 से हराया। इस जीत के साथ उन्होंने पदक की ओर कदम बढ़ाया है। अब क्वार्टरफाइनल में अयुष का सामना इंडोनेशिया के तीसरी वरीयता प्राप्त जोनाथन क्रिस्टी से होगा। पुरुष एकल में ही भारत के ही एच एस प्रणय को भी हार का सामना करना पड़ा। उन्हें चीन के वेंग हायोंग ने 21-12, 21-19 से हराया। वहीं महिला एकल में सिंधु को चीन की दूसरी वरीयता प्राप्त वेंग झी ने 21-18, 21-8 से हरा दिया। इसके अलावा मिश्रित युगल में भी भारत के ध्रुव कपिला व तनिशा क्रेस्टो की जोड़ी को हार का सामना करना पड़ा। उन्हें मलेशिया की चौथी वरीयता प्राप्त जोड़ी चेन तांग जी और तो ई वेई ने 21-13, 21-14 से हराया। ईएमएस 09 अप्रैल 2026