गोपालगंज, (ईएमएस)। बिहार के गोपालगंज जिले की पुलिस ने वांछित भू-माफिया गंगदयाल यादव को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, वर्ष 2017-18 के दौरान सक्रिय रहे गंगदयाल यादव और उसके गिरोह के सदस्य एक बार फिर क्षेत्र में सक्रिय हो गए थे और आम लोगों को परेशान कर रहे थे। पुलिस को मिली गुप्त सूचना के मुताबिक, ये लोग फर्जी रजिस्ट्री तैयार कर जमीनों की अवैध बिक्री कर रहे थे। साथ ही स्थानीय लोगों से रंगदारी मांगने जैसे गंभीर अपराधों में भी संलिप्त थे। इन गतिविधियों से इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी कर गंगदयाल यादव को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ पहले से ही माननीय न्यायालय द्वारा वारंट जारी किया गया था। इसके अलावा, उसके विरुद्ध गोपालगंज के नगर थाना में कुल 10 आपराधिक मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और उसके गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में छापेमारी जारी है। संतोष झा-०९ अप्रैल/२०२६/ईएमएस