09-Apr-2026
...


- वेटनरी कॉलेज से गांवों तक की जांच - टीम की रिपोर्ट के बाद चिकन-अंडे की बिक्री पर होगा फैसला, स्थिति सामान्य होने के संकेत बिलासपुर (ईएमएस)। जिले में बर्ड फ्लू को लेकर केंद्र सरकार की सख्ती जारी है। एम्स के विशेषज्ञों की केंद्रीय टीम लगातार तीसरे दिन भी बिलासपुर में डटी रही और बुधवार को अलग-अलग क्षेत्रों में जाकर जमीनी हालात का गहन निरीक्षण किया। टीम ने इस दौरान संक्रमण की स्थिति, रोकथाम उपायों और मानव स्वास्थ्य पर संभावित प्रभाव का व्यापक आकलन किया। बुधवार को केंद्रीय टीम वेटनरी कॉलेज पहुंची, जहां बर्ड फ्लू संक्रमण के बाद 1895 मुर्गियों को दफनाया गया था। विशेषज्ञों ने यहां सैनिटाइजेशन और डिसइंफेक्शन की व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया। यह देखा गया कि संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए तय प्रोटोकॉल का पालन सही तरीके से किया जा रहा है या नहीं। गांवों में सर्वे कर लोगों के स्वास्थ्य की जांच की इसके बाद टीम देवनगर गांव सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंची। यहां ग्रामीणों से सीधे बातचीत कर उनकी स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी ली गई। केंद्रीय टीम ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह भी दी और किसी भी तरह के लक्षण सामने आने पर तुरंत जांच कराने को कहा। मानव संक्रमण पर विशेष नजर रखने को कहा स्वास्थ्य विभाग को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति को नजरअंदाज न किया जाए। लक्षण मिलने पर तत्काल सैंपल लिया जाए। जरूरत पडऩे पर आरटी-पीसीआर जांच कराई जाए और प्रभावित क्षेत्रों में लगातार सर्विलांस बनाए रखा जाए। टीम ने यह भी निर्देश दिए कि मुर्गी पालन केंद्र और आसपास के इलाकों में लगातार सैनिटाइजेशन किया जाए। रिपोर्ट के बाद हो सकते हैं बड़े फैसले केंद्रीय टीम अपने दौरे के आधार पर विस्तृत रिपोर्ट कलेक्टर संजय अग्रवाल और भारत सरकार को सौंपेगी। इस रिपोर्ट के आधार पर आगे की रणनीति तय की जाएगी, जिसमें बाजार में चिकन और अंडे की बिक्री पर लगे प्रतिबंध को हटाने पर भी निर्णय लिया जा सकता है। सूत्रों के अनुसार, जिले में अब स्थिति धीरे-धीरे सामान्य होती दिख रही है। संक्रमण नियंत्रण के लिए किए गए उपाय असर दिखा रहे हैं, जिसके चलते जल्द ही राहत भरे फैसले सामने आ सकते हैं। मनोज राज 09 अप्रैल 2026