राष्ट्रीय
09-Apr-2026
...


तिरुवनंतपुरम,(ईएमएस)। केरल में विधानसभा चुनाव के जारी मतदान के बीच कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने बड़ा दावा किया है कि यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (यूडीएफ) 100 सीटों का आंकड़ा पार करेगा। कांग्रेस नेता वेणुगोपाल का कहना है कि जनता पिनराई विजयन के शासन से तंग आकर बदलाव की मांग कर रही है। उन्होंने सीएम विजयन को जनविरोधी और अहंकारी बताकर एलडीएफ सरकार पर सबरीमाला स्वर्ण चोरी मामले में दोषियों को बचाने का आरोप लगाया। कांग्रेस नेता वेणुगोपाल ने अंबलपुझा के मतदान केंद्र पर वोट डालने के बाद कहा कि लोग इस चुनाव में बदलाव चाहते हैं। उनका कहना था कि बीते दस वर्षों से विजयन मुख्यमंत्री हैं और जनता उन्हें अगले पांच साल तक सत्ता में नहीं देखना चाहती। उन्होंने आरोप लगाया कि केरल सरकार सोने की चोरी के मामले में अपराधियों को बचाने की कोशिश कर रही है। बता दें कि केरल में बुधवार को मतदान सुबह 7 बजे से शुरू हुआ। साथ ही असम और केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में भी मतदान हो रहा है। चुनाव आयोग ने निष्पक्ष और सुचारू मतदान सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की हैं। केरल में 140 निर्वाचन क्षेत्रों में मतदाता अपने प्रतिनिधि चुनने वाले है। इनमें 1,38,27,319 महिला और 1,31,26,048 पुरुष मतदाता शामिल हैं। इस चरण में असम की 126, केरल की 140 और पुडुचेरी की 30 सीटों पर मतदान हो रहा है। बाकी राज्यों में मतदान की तिथियां भी निर्धारित हैं तमिलनाडु में 23 अप्रैल, और पश्चिम बंगाल में 23 और 29 अप्रैल को। वोटों की गिनती 4 मई को होगी। वेणुगोपाल के बयान और जनता की प्रतिक्रिया चुनावी जंग में यूडीएफ की संभावित सफलता को लेकर राजनीतिक चर्चा तेज कर रही है। कुल मिलाकर, केरल में मतदान और राजनीतिक गतिविधियों के बीच यूडीएफ और एलडीएफ के बीच मुकाबला बेहद रोचक और नजदीकी होने की संभावना है। आशीष दुबे / 09 अप्रैल 2026