राज्य
09-Apr-2026


रीवा,(ईएमएस)। रीवा जिले में बीहर नदी पर बने लगभग 20 वर्ष पुराने पुल में दरार आने के बाद प्रशासन ने एहतियातन 30 अप्रैल तक भारी वाहनों के आवागमन पर रोक लगा दी है। यह पुल मध्य प्रदेश को उत्तर प्रदेश के प्रयागराज और वाराणसी से जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग है, इसलिए निर्णय का सीधा असर लंबी दूरी के यातायात पर पड़ा है। पुल बंद होने से ट्रकों और अन्य भारी वाहनों को मैहर–सतना–चित्रकूट मार्ग से डायवर्ट किया गया है। अचानक बढ़े दबाव के कारण नेशनल हाईवे-30 पर मैहर के पास जाम की स्थिति बनी, जिसे नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है। लोक निर्माण विभाग और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा मरम्मत कार्य जारी है। कलेक्टर प्रतिभा पाल इसकी निगरानी कर रही हैं। प्रशासन ने यात्रियों और ट्रांसपोर्टरों से अपील की है कि यात्रा से पहले वैकल्पिक मार्ग की जानकारी लेकर ही प्रस्थान करें, ताकि असुविधा से बचा जा सके। नंदिनी परसाई/ 9 अप्रैल 2026