लखनऊ (ईएमएस)। प्रदेश सरकार ने सचिवालय सेवा के 13 उप सचिव स्तर के अधिकारियों का तबादला कर विभिन्न विभागों में नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं। इस संबंध में आदेश जारी कर सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नई तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं। जारी आदेश के अनुसार, हरीश कुमार अशोक को चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग से चिकित्सा शिक्षा विभाग भेजा गया है, जबकि संजय कुमार तिवारी को नगर विकास विभाग से समाज कल्याण विभाग में तैनाती दी गई है। चंद्रभूषण अब सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग से नियुक्ति विभाग में कार्य करेंगे। इसी क्रम में राम चरन राम को मत्स्य विभाग से वित्त विभाग, संतोष कुमार को दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग से औद्योगिक विकास विभाग तथा दयाराम यादव को सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम एवं निर्यात प्रोत्साहन विभाग से खाद्य एवं रसद विभाग में स्थानांतरित किया गया है। चंदन कुमार रावत को सहकारिता विभाग से पर्यटन विभाग, शंभू प्रसाद को युवा कल्याण विभाग से बेसिक शिक्षा विभाग और राम प्यारे राम को राजस्व विभाग से दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग भेजा गया है। इसके अलावा लक्ष्मण राम को धार्मिक कार्य विभाग से कार्मिक विभाग, अजीत कुमार सिन्हा को गृह विभाग से कार्मिक विभाग, विश्वभान प्रकाश नागेश को लोक सेवा प्रबंधन विभाग से चीनी एवं गन्ना विकास विभाग तथा रामप्रीत प्रसाद को कृषि विपणन एवं विदेश व्यापार विभाग से सतर्कता विभाग में नई जिम्मेदारी दी गई है।शासन ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे बिना विलंब अपने नए पदस्थापन स्थल पर कार्यभार ग्रहण कर विभागीय कार्यों को सुचारु रूप से आगे बढ़ाएं। जितेन्द्र 09 अप्रैल 2026