क्षेत्रीय
09-Apr-2026
...


- मुख्य आरोपी फरार, 4 गिरफ्तार, 5 तलवारे जब्त जबलपुर, (ईएमएस)। गोरखपुर थाना अतंर्गत कुम्हार मोहल्ला में घर से अवैध रुप से शराब बेचने व पिलवाने के मामलें में पुलिस ने एक नाबालिग को गिरफ्तार किया, जो ढाई सौ रुपए दिन में यह अवैध काम कर रहा था| मुख्य आरोपी घर पर नहीं मिला| शराब पी रहे दो लोगों को भी पुलिस ने आरोपी बनाया है वहीं मुख्य आरोपी के घर से 5 तलवारे भी जब्त की गई है| सीएसपी गोरखपुर एम.डी.नागोतिया ने बताया कि गोरखपुर थाना प्रभारी नितिन कमल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कल रात कुम्हार मोहल्ला निवासी कैलाश चक्रवर्ती उर्फ बड़ा कैलाश के घर में दबिश दी| यहां घर में बैठकर शराब पी रहे मोदीबाड़ा केण्ट निवासी 37 वर्षीय मुकेश राजभर और गोरखपुर निवासी 54 वर्षीय योगेश वैश्य और 15 वर्षीय बालक को गिरफ्तार किया गया| 15 वर्षीय अपचारी बालक से उक्त शराब के संबंध में पूछताछ करने पर बड़ा कैलाश चक्रवर्ती के घर में दिन में रहकर 250 रूपये प्रतिदिन के हिसाब से शराब बेचने का काम करना बताया| कैलाश चक्रवर्ती अपने घर पर ही शराब रखे रहता है जो उसे शराब लाकर देता है जिसे वह बेचता है| कार्रवाई के दौरान कैलाश नहीं मिला| घर के अंदर वाले कमरे में कैलाश चक्रवर्ती का बेटा शिवा चक्रवर्ती मिला जो प्लास्टिक की बोरी छुपाने का प्रयास कर रहा था बोरी की तलाशी लेने पर 4 तलवार व एक बकानुमा तलवार रखी मिली जिसे जप्त करते हुये आरोपी बड़ा कैलाश चक्रवर्ती, मुकेश राजभर, योगेश बैश्य तथा अपचारी बालक के विरूद्ध धारा 34, 36(बी), 36(सी), आबकारी एक्ट तथा 78 किशोर न्याय अधिनियम एवं 95 बीएनएस के तहत तथा आरोपी 20 वर्षीय शिवा चक्रवर्ती के विरूद्ध पृथक धारा 25 आर्म्स एक्ट के तहत कार्यवाही की गई। बताया गया है कि आरोपी शिवा चक्रवर्ती के विरूद्ध अवैध वसूली, मारपीट, आबकारी एक्ट सहित पूर्व से 7 अपराध पंजीबद्ध हैं। सुनील साहू / मोनिका / 09 अप्रैल 2026/ 04.54