बालोद(ईएमएस)। जिले में खाद्य सुरक्षा को लेकर प्रशासन सख्त नजर आ रहा है। कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा ने शिकायतों के बाद ‘दूध गंगा’ केंद्र का औचक निरीक्षण किया, जिसमें भारी अनियमितताएं सामने आईं। गंदगी और खराब स्वच्छता व्यवस्था देखकर नाराज कलेक्टर ने तत्काल केंद्र को बंद करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान खाद्य सामग्री तैयार करने वाली जगह पर साफ-सफाई की स्थिति बेहद खराब पाई गई। इतना ही नहीं, मिठाइयों में चींटियां मिलने की बात भी सामने आई, जिसके बाद प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए केंद्र को सील कर दिया। बताया जा रहा है कि ‘दूध गंगा’ केंद्र सहकारी समिति के माध्यम से संचालित होता है। लगातार मिल रही शिकायतों के मद्देनजर कलेक्टर ने सभी खाद्य उत्पादों के सैंपल लेकर जांच कराने के निर्देश भी दिए हैं। रिपोर्ट आने के बाद संबंधित संचालकों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने यह भी माना है कि खाद्य विभाग की निगरानी में कमी के कारण इस तरह की लापरवाही सामने आई है। अब पूरे मामले में जिम्मेदार अधिकारियों और संचालकों पर सख्त कार्रवाई तय मानी जा रही है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)09 अप्रैल 2026