राष्ट्रीय
09-Apr-2026
...


भारत के दोनों दिग्गज अंबानी और अडानी ने खूब छापा पैसा नई दिल्ली (ईएमएस)। अमेरिका और ईरान के बीच सीजफायर की घोषणा के बाद दुनियाभर के शेयर बाजारों में गदर मच गया। कई दिनों से टूट रहे इंडेक्स रॉकेट की रफ्तार से भाग रहे है। हालांकि, एक ही दिन में सीजफायर टूटने की खबरें सुर्खियों में रहीं। इस बीच न सिर्फ शेयर बाजारों में उछाल देखने को मिला, बल्कि दुनिया के सबसे बड़े अरबपतियों की दौलत में भी बंपर उछाल दिखाई दिया। एक दिन में किसी ने 10 अरब डॉलर छापे, और किसी की नेटवर्थ एक झटके में 12 अरब डॉलर बढ़ गई। भारतीय अरबपतियों मुकेश अंबानी और गौतम अडानी की संपत्ति में जोरदार इजाफा देखने को मिला। लेकिन दुनिया के सबसे अमीर इंसान एलन मस्क एक मात्र अरबपति, जिन्हें नुकसान हुआ। बीते 24 घंटे में सबसे ज्यादा कमाई करने वाले अरबपतियों में शीर्ष दस में शामिल फेसबुक-मेटा के मार्क जुकरबर्ग कमाई में अव्वल रहे। उनकी नेटवर्थ एक झटके में 12.8 अरब डॉलर बढ़कर 217 अरब डॉलर हो गई और इस उछाल के साथ वे अमीरों की लिस्ट में पांचवें पायदान पर आ गए। मार्क जुकरबर्ग के बाद एक ही दिन में सबसे ज्यादा कमाई करने वाले अरबपतियों में फ्रांसीसी रईस बर्नार्ड अर्नाल्ट का नाम रहा। इनकी संपत्ति में 9.89 अरब डॉलर का उछाल आ गया और ये बढ़कर 165 अरब डॉलर हो गई। इसके बाद सबसे ज्यादा एक दिनी कमाई लैरी पेज और सर्गेई ब्रिन की हुई। वहीं अमेजन के जेफ बेजोस की संपत्ति 6.57 अरब डॉलर बढ़कर 243 अरब डॉलर, माइकल डेक की नेटवर्थ 5.03 अरब डॉलर बढ़कर 157 अरब डॉलर, जिम वॉल्टन की 4.39 अरब डॉलर बढ़कर 150 अरब डॉलर और जेन्सेन हुआंग की दौलत 3.19 अरब डॉलर के इजाफे के साथ 151 अरब डॉलर पर पहुंच गई। इसके अलावा लैरी एलिसन की नेटवर्थ में भी मामूली तेजी आई और ये 334 मिलियन डॉलर चढ़कर 192 अरब डॉलर हो गई। बीते 24 घंटे में सबसे खास बात ये रही कि तमाम अरबपतियों की दौलत में तगड़ा इजाफा हुआ, लेकिन दुनिया के सबसे अमीर इंसान मस्क घाटे में रहे। बीते 24 घंटे में मस्क की नेटवर्थ 2.44 अरब डॉलर घटी है और ये 623 अरब डॉलर पर पहुंच गई है। दुनिया के सबसे अमीरों की सूची में शामिल भारतीय अरबपतियों की नेटवर्थ में भी जोरदार तेजी देखने को मिली है। जहां रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी की संपत्ति में में बीते 24 घंटे में 3.37 अरब डॉलर का इजाफा हुआ और ये बढ़कर 91.9 अरब डॉलर हो गई। वहीं अडानी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडानी की नेटवर्थ ताबड़तोड़ 6.06 अरब डॉलर की उछाल के साथ 84,1 अरब डॉलर हो गई। आशीष दुबे / 09 अप्रैल 2026