क्षेत्रीय
09-Apr-2026
...


सारंगपुर (ईएमएस)। मध्यप्रदेश सरकार द्वारा समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी अभियान के अंतर्गत सारंगपुर में भी खरीदी कार्य का शुभारंभ किया गया। गौतम बुद्ध स्व सहायता समूह निहाल द्वारा संचालित खरीदी केंद्र आशा वेयर हाउस, सारंगपुर पर भाजपा नेता निर्मल जैन ने विधिवत पूजा-अर्चना कर तोल कांटे का पूजन किया और किसानों से गेहूं की खरीदी की शुरुआत कराई। कार्यक्रम की शुरुआत विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना से हुई। इस दौरान उपस्थित किसानों का पुष्पमाला एवं साफा पहनाकर सम्मान किया गया। भाजपा नेता निर्मल जैन ने किसानों का स्वागत करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार किसानों के हित में लगातार महत्वपूर्ण कदम उठा रही है। समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी से किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिल रहा है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत हो रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में सरकार किसानों की आय बढ़ाने और कृषि को लाभ का धंधा बनाने के लिए कई योजनाएं संचालित कर रही है। समय पर खरीदी, भुगतान की पारदर्शी व्यवस्था और किसानों को सुविधाजनक केंद्र उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। इस अवसर पर किसानों ने भी खरीदी केंद्र शुरू होने पर संतोष व्यक्त किया और कहा कि समय पर खरीदी शुरू होने से उन्हें अपनी उपज बेचने में आसानी होगी। कार्यक्रम में स्व सहायता समूह के सदस्य, किसान एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। अंत में सभी किसानों को खरीदी प्रक्रिया की जानकारी दी गई और सुचारू रूप से गेहूं खरीदी प्रारंभ की गई। नरेन्द्र जैन/ईएमएस/09/04/2026