क्षेत्रीय
09-Apr-2026
...


- खुद को FCI अधिकारी बताकर किराना व्यापारी से 50 हजार की ठगी, आरोपी गिरफ्तार कबीरधाम(ईएमएस)। जिले के छिरहा गांव में खुद को फूड कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (FCI) का बड़ा अधिकारी बताकर किराना व्यापारी से पिस्टल की नोक पर 50 हजार रुपए वसूलने का मामला सामने आया है। आरोपी ने व्यापारी को चोरी का चावल खरीदने का झूठा आरोप लगाकर डराया और मौके से फरार हो गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी सचिन/जितेंद्र चड्ढा (47) पिता भरत लाल चड्ढा, निवासी जबलपुर, मध्य प्रदेश और वर्तमान में रायपुर निवासी, एक्स-आर्मी मैन है और रायपुर की एक निजी कंपनी काल मी सर्विसेज में सिक्योरिटी ऑफिसर के रूप में काम करता है। घटना 8 अप्रैल की रात लगभग साढ़े दस बजे हुई। पीड़ित पीतांबर गुप्ता ने बताया कि आरोपी उसकी किराना दुकान में आया और खुद को FCI अधिकारी बताते हुए चोरी का चावल खरीदने का आरोप लगाकर उसे जेल भेजने की धमकी दी। आरोपी ने अपने पास रखी लाइसेंसी पिस्टल दिखाकर 60 हजार रुपए की मांग की, जिससे डरकर पीड़ित ने 50 हजार रुपए दे दिए। शिकायत के आधार पर सिटी कोतवाली पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से ग्रैंड विटारा कार (एमपी–20, जेडके–8201), 0.32 बोर की लाइसेंसी पिस्टल, दो मैग्जीन, 11 जिंदा कारतूस और पिस्टल पाउच जब्त किए। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस पूरे मामले की आगे भी जांच कर रही है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)09 अप्रैल 2026