कराची,(ईएमएस)। ईरान पर अमेरिका और इजरायल के हमले रोकने का ऐलान कर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था कि पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और फील्ड मार्शल आसिम मुनीर की अपील पर 15 दिन के लिए सीजफायर का फैसला लिया है। ट्रंप ने कहा कि ईरान को बातचीत की टेबल पर चीन ले आया। इस बीच पाकिस्तानी मीडिया में शहबाज और मुनीर की शेखी बघारने का दौर शुरु हो गया है। पाकिस्तानी टीवी चैनलों पर शहबाज और मुनीर के लिए नोबेल शांति पुरस्कार की मांग शुरू हो गई है। पाकिस्तानी टीवी चैनल पर डिबेट के दौरान पैनल में शामिल लोगों ने इस सीजफायर को पाकिस्तान की कूटनीतिक जीत बताया। इस दौरान एक पैनलिस्ट ने कहा कि जो कुछ किया हमारे नेतृत्व ने, उसके बाद मैं ये कहूंगा कि हमारे प्रधानमंत्री शरीफ और आसिम मुनीर नोबेल शांति पुरस्कार के लिए सबसे उपयुक्त कैंडिडेट हैं। बल्कि दुनिया में ये दो ही लोग हैं, जिन्हें शांति का नोबेल पुरस्कार मिलना चाहिए। पैनलिस्ट ने कहा कि अब दुनिया के नेताओं को चाहिए कि वे शहबाज और मुनीर को नॉमिनेट करें। पाकिस्तान में यह डिमांड तब उठ रही है, जब युद्ध छोड़िए, सीजफायर के भविष्य पर ही अनिश्चितता के गहरे बादल छाए हुए हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने सीजफायर के अगले ही दिन कह दिया है कि हमारी सेनाएं तैयार हैं। आशीष दुबे / 09 अप्रैल 2026