-पाकिस्तान हाई अलर्ट पर, सुरक्षा चिंताओं के बीच अमेरिकी उपराष्ट्रपति के दौरे पर अनिश्चितता इस्लामाबाद,(ईएमएस)। अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस के संभावित पाकिस्तान दौरे को लेकर सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सुरक्षा कारणों से वेंस इस दौरे को लेकर सतर्क रुख अपना रहे हैं, हालांकि पाकिस्तान ने उन्हें पूर्ण सुरक्षा का आश्वासन दिया है। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए कहा जा रहा है कि इस समय इस्लामाबाद किसी किले में तब्दील कर दिया गया है, जहां परिंदा भी पर नहीं मार सकता है। पाकिस्तान को उम्मीद है कि उसके यहां अमेरिका और ईरान के बीच उच्च स्तरीय वार्ता हो सकती है, जिसमें संघर्ष विराम की शर्तों पर चर्चा की जाएगी। पाकिस्तानी पक्ष का दावा है कि ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन ने इस वार्ता में शामिल होने की सहमति दी है। हालांकि, अमेरिकी प्रशासन ने अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। इस बीच पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी ने अमेरिकी राजदूत नैटली बेकर के साथ बैठक कर सुरक्षा तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विदेशी मेहमानों की सुरक्षा के लिए व्यापक और कड़े इंतजाम किए गए हैं। संभावित मेहमानों में स्टीव विटकॉफ और जेरेड कुशनर के नाम भी शामिल बताए जा रहे हैं। सुरक्षा को देखते हुए राजधानी इस्लामाबाद को लगभग किले में तब्दील कर दिया गया है। शहर में कई प्रमुख सड़कों को बंद कर दिया गया है और यातायात मार्गों में बड़े बदलाव किए गए हैं। इस्लामाबाद ट्रैफिक पुलिस ने विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया है, जिसके तहत भारी वाहनों के प्रवेश पर अस्थायी रोक लगा दी गई है। ट्रैफिक व्यवस्था के अनुसार, जीरो पॉइंट से कोरल चौक तक एक्सप्रेसवे दोनों ओर से बंद रहेगा, जबकि अन्य प्रमुख मार्गों पर डायवर्जन लागू किए गए हैं। विदेशी प्रतिनिधिमंडलों की आवाजाही को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा एजेंसियां हर स्तर पर सतर्क हैं। गौरतलब है कि पाकिस्तान में हाल के वर्षों में आतंकी घटनाओं के चलते सुरक्षा एक बड़ा मुद्दा बना हुआ है। ऐसे में किसी भी वैश्विक नेता की यात्रा को लेकर खतरे की आशंका बढ़ जाती है। यही वजह है कि अमेरिकी पक्ष इस दौरे को लेकर अभी सतर्क रुख अपनाए हुए है। फिलहाल, जेडी वेंस के दौरे को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है, लेकिन पाकिस्तान की ओर से इसे सफल बनाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। हिदायत/ईएमएस 09अप्रैल26