बालाघाट (ईएमएस). जिला कांग्रेस कमेटी ने प्रदेश सरकार की वादा खिलाफी, महंगाई सहित अन्य मुद्दों को लेकर गुुरुवार को धरना दिया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेसी नेता प्रदेश व केंद्र सरकार पर जमकर गरजे। किसानों की उपज खरीद, महिलाओं से किए गए वादों और बढ़ती महंगाई के मुद्दे को लेकर कांग्रेस ने राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपते हुए प्रदेश सरकार पर जनविरोधी नीतियां अपनाने का आरोप लगाया है। ज्ञापन में कई महत्वपूर्ण मांगें रखते हुए सरकार से तत्काल समाधान की मांग की गई है। जिला व शहर कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में गुरुवार को कांग्रेसी नेताओं ने स्थानीय काली पुतली चौक के समीप धरना दिया। इस धरना प्रदर्शन में जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष व बैहर विधायक संजय उइके, बालाघाट विधायक अनुभा मुंजारे, वारासिवनी विधायक विवेक पटेल, पूर्व सांसद विश्वेश्वर भगत, जिला पंचायत अध्यक्ष सम्राट सिंह सरसवार, भुरु पटेल, श्याम पंजवानी, उम्मेद लिल्हारे, जुगल शर्मा, अनूप सिंह बैस, दिनेश धुर्वे, शफकत खान सहित अन्य कांग्रेसी नेता शामिल हुए। धरना प्रदर्शन को संबोधित करते हुए कांग्रेसी नेताओं ने कहा कि सरकार ने चुनाव पूर्व किसानों से गेहूं का समर्थन मूल्य 2700 रुपए प्रति क्विंटल, धान का समर्थन मूल्य 31 सौ रुपए प्रति क्विंटल देने का वादा किया था, लेकिन वर्तमान में न तो किसानों को यह दर मिल रही है और न ही पर्याप्त मात्रा में उपज की खरीदी हो रही है। इससे किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है और वे मजबूरी में अपनी उपज औने-पौने दामों पर बेचने को विवश हैं। लाड़ली बहना योजना के तहत महिलाओं को 3000 रुपए प्रतिमाह देने का वादा किया गया था, लेकिन यह वादा अब तक अधूरा है। इससे महिलाओं में निराशा और आक्रोश बढ़ रहा है। इसके अलावा प्रदेश में डीजल, पेट्रोल और रसोई गैस सिलेंडर के लगातार बढ़ते दामों को लेकर भी चिंता जताई गई। कांग्रेस का कहना है कि महंगाई का सीधा असर आम जनता पर पड़ रहा है, वहीं कई स्थानों पर आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता भी प्रभावित हो रही है, जिससे जनजीवन पर व्यापक असर पड़ रहा है। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इन समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो पार्टी द्वारा आंदोलन तेज किया जाएगा। भानेश साकुरे / 09 अप्रैल 2026