क्षेत्रीय
09-Apr-2026


बोलेरो कार पुलिया से टकराई, 04 बच्चों सहित 10 घायलों को डायल-112 जवानों ने पहुँचाया अस्पताल भोपाल,(ईएमएस)। डायल-112 आपात परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया और समन्वित राहत कार्य का भरोसेमंद माध्यम है। मंदसौर जिले में बोलेरो वाहन दुर्घटना में घायल हुए यात्रियों को समय पर अस्पताल पहुँचाकर डायल-112 जवानों ने जन-सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया। दिनांक 08 अप्रैल को मंदसौर जिले के थाना दलौदा क्षेत्र अंतर्गत लकमा खेड़ी के पास एक बोलेरो कार के अनियंत्रित होकर पुलिया से टकराने की सूचना डायल-112 राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम भोपाल को प्राप्त हुई। सूचना में 04 बच्चों सहित लगभग 10 यात्रियों के घायल होने की जानकारी दी गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए दलौदा थाना क्षेत्र में तैनात डायल-112 वाहनों को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया।मौके पर पहुँचकर डायल-112 स्टाफ आरक्षक श्री मुजीद रहमान एवं पायलट श्री बबलू शर्मा ने पाया कि यात्रियों से भरी बोलेरो कार अनियंत्रित होकर पुलिया से टकरा गई थी, जिसमें 04 बच्चों सहित लगभग 10 व्यक्ति घायल हो गए थे। डायल-112 जवानों ने त्वरित कार्यवाही करते हुए सभी घायलों को एफआरव्ही वाहन की सहायता से शासकीय चिकित्सालय मंदसौर पहुँचाया।डायल-112 की तत्परता के कारण घायलों को समय पर चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध हो सकी, जिससे संभावित गंभीर परिणामों को टाला जा सका। डायल-112 हीरोज द्वारा प्रदर्शित यह समर्पण, साहस और मानवीय सेवा पुलिस के प्रति समाज के विश्वास को और अधिक सुदृढ़ करती है। राजेश दाहिमा ईएमएस / 09/04/2026