मेहगांव स्थित गेहूं खरीदी केंद्र का शुभारंभ, किसानों की उपज पहले तौलने और सुविधाएं देने का दावा रायसेन। जिले की सांची विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मेहगांव स्थित मातेश्वरी वेयरहाउस पर गुरूवार को गेहूं उपार्जन खरीदी केंद्र का शुभारंभ भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष जयपाल सिंह चावड़ा और भाजपा जिला अध्यक्ष राकेश शर्मा ने किया। इस दौरान नेताओं ने तौल कांटे की पूजा-अर्चना कर गेहूं व चना उपज की तुलाई की शुरुआत कराई। खरीदी केंद्र पहुंचे किसानों का फूल-मालाओं और मिठाई खिलाकर स्वागत भी किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष जयपाल सिंह चावड़ा ने कहा कि भाजपा सरकार हमेशा किसानों के साथ सकारात्मक सोच के साथ काम करती है।जबकि कांग्रेस किसानों के प्रति नकारात्मक राजनीति करती है। उन्होंने कहा कि 9 अप्रैल से प्रदेशभर में एक साथ गेहूं खरीदी केंद्रों पर उपार्जन शुरू हुआ है और डॉ मोहन सरकार का प्रयास है कि किसानों का एक-एक दाना खरीदा जाए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में किसानों को योजनाओं का लाभ मिल रहा है और खेती को फायदे का धंधा बनाने की दिशा में काम हो रहा है। भाजपा जिला अध्यक्ष राकेश शर्मा ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार किसानों के हित में कई कल्याणकारी योजनाएं चला रही हैं।जिनका लाभ किसानों को मिल रहा है। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे किसी के बहकावे में न आएं और निर्धारित समय पर अपनी उपज खरीदी केंद्रों पर लेकर पहुंचें। उन्होंने दावा किया कि खरीदी केंद्रों पर किसानों के लिए सभी जरूरी व्यवस्थाएं की गई हैं। इस दौरान भाजपा नेता राजेंद्र सिंह बघेल की ओर से अतिथियों का साफा बांधकर स्वागत किया गया। कार्यक्रम में किसान मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह राजपूत, प्रदेश महामंत्री कप्तान सिंह यादव, पिछड़ा वर्ग मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष जमना सेन, भाजपा जिला उपाध्यक्ष राकेश तोमर, कमलेश राजपाल, धीरेंद्र सिंह कुशवाह, राजेंद्र सिंह बघेल, मीडिया प्रभारी सी.एल. गौर सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे। किशोर वर्मा ईएमएस रायसेन 09/04/2026