क्षेत्रीय
09-Apr-2026
...


679 पदों पर बिना लिखित परीक्षा के भर्ती की दी जानकारी बालाघाट (ईएमएस). शहर में 6 वीं बटालियन जबलपुर की बैंड पार्टी ने देशभक्ति धुनों के साथ शानदार प्रस्तुति देकर युवाओं में उत्साह का संचार किया। इस दौरान एमपी पुलिस कॉन्स्टेबल (बैंड) भर्ती 2026 की जानकारी भी साझा की गई, जिससे युवाओं को पुलिस सेवा में करियर बनाने के लिए प्रेरित किया गया। गुरुवार को बालाघाट में आयोजित कार्यक्रम में 6 वीं बटालियन जबलपुर की बैंड पार्टी ने आकर्षक एवं अनुशासित प्रस्तुति दी। बैंड की देशभक्ति धुनों ने उपस्थित युवाओं को मंत्रमुग्ध कर दिया और उनमें देश सेवा के प्रति नई ऊर्जा का संचार किया। कार्यक्रम के दौरान एमपी पुलिस कॉन्स्टेबल (बैंड) भर्ती 2026 के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा 679 पदों पर भर्ती निकाली गई है, जिसके लिए ऑनलाइन आवेदन 5 से 19 अप्रैल तक किए जा सकते हैं। इस भर्ती की खास बात यह है कि इसमें किसी प्रकार की लिखित परीक्षा नहीं होगी। अभ्यर्थियों का चयन स्किल टेस्ट, बैंड प्लेइंग टेस्ट एवं इंटरव्यू के आधार पर किया जाएगा, जिससे प्रतिभाशाली युवाओं को अपनी कला के आधार पर सीधे चयन का अवसर मिलेगा। कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निहित उपाध्याय, एसडीएम बालाघाट गोपाल सोनी, सीएसपी कोतवाली मयंक तिवारी सहित अन्य अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। अधिकारियों ने युवाओं को अनुशासन, समर्पण एवं देश सेवा की भावना के साथ पुलिस बल में करियर बनाने के लिए प्रेरित करते हुए अधिक से अधिक संख्या में आवेदन करने का आह्वान किया। भानेश साकुरे / 09 अप्रैल 2026