लांजी, रामपायली और चांगोटोला थाना पुलिस ने की कार्यवाही बालाघाट (ईएमएस). जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ पुलिस का सख्त अभियान जारी है। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में की गई कार्रवाई में तीन ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त कर आरोपियों पर प्रकरण दर्ज किया गया है। तीनों ही थाना पुलिस ने इस मामले में धारा 303(2) बीएनएस एवं खनिज अधिनियम 1957 की धारा 4/21 सहित अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर वाहन जब्त किया गया। पुलिस द्वारा अवैध रेत उत्खनन एवं परिवहन के खिलाफ लगातार सख्ती बरती जा रही है। थाना लांजी, रामपायली एवं चांगोटोला पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए तीन ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त की हैं। लांजी थाना पुलिस ने 8 अप्रैल को ग्राम सोनेसराड घाट से अवैध रूप से रेत का परिवहन करने की सूचना पर ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़ा। इसी प्रकार थाना रामपायली पुलिस ने भी 8 अप्रैल को ग्राम सोनझरा-खापा मार्ग पर अवैध रेत परिवहन करते एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़ा। थाना चांगोटोला पुलिस को 9 अप्रैल को मनकुंवर नदी के घोंघरिया घाट से बिना रॉयल्टी रेत परिवहन की सूचना मिली। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने एक वाहन को जब्त कर अपराध पंजीबद्ध किया है। पुलिस की लगातार कार्रवाई से अवैध रेत कारोबारियों में हडक़ंप मचा हुआ है। अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। भानेश साकुरे / 09 अप्रैल 2026