क्षेत्रीय
09-Apr-2026
...


बालाघाट (ईएमएस). राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली एवं मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देशानुसार 9 मई को जिले में नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बालाघाट के अध्यक्ष प्राणेश कुमार प्राण के मार्गदर्शन में जिला एवं तहसील न्यायालयों, श्रम न्यायालयों और कुटुंब न्यायालयों में किया जाएगा। नेशनल लोक अदालत में न्यायालयों में लंबित दीवानी एवं आपराधिक शमनीय प्रकरणों के साथ-साथ बैंक, विद्युत, श्रम, जलकर, संपत्तिकर सहित विभिन्न प्री-लिटिगेशन मामलों का आपसी सहमति से निराकरण किया जाएगा। लोक अदालत के सफल आयोजन को लेकर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव सतीश शर्मा एवं जिला विधिक सहायता अधिकारी जितेंद्र मोहन धुर्वे ने जिले के बैंक अधिकारियों की बैठक लेकर आवश्यक तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में बैंकों से संबंधित लंबित एवं प्री-लिटिगेशन प्रकरणों के त्वरित निपटारे को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने सभी बैंक प्रतिनिधियों से अपील की कि वे अपने-अपने बैंक से जुड़े अधिक से अधिक प्री-लिटिगेशन मामलों को चिन्हित कर राजीनामे के माध्यम से लोक अदालत में प्रस्तुत करें, ताकि आम नागरिकों को शीघ्र राहत मिल सके। बैठक में अग्रणी बैंक प्रबंधक संजीव कुमार, यूको बैंक के ब्रजेश मोहन सूर्यवंशी, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के स्वर्ण संयज सूर्यवंशी, बैंक ऑफ इंडिया बालाघाट के ओमकार कोकोड़े तथा आईसीआईसीआई बैंक के अंकित चौरसिया सहित अन्य बैंक अधिकारी उपस्थित रहे। भानेश साकुरे / 09 अप्रैल 2026