क्षेत्रीय
09-Apr-2026


बालाघाट (ईएमएस). डॉ. भीवराम अम्बेडकर की 135 वीं जयंती 14 अप्रैल को मनाई जाएगी। इस अवसर पर जिले के सभी विद्यालयों एवं छात्रावास-आश्रमों में 8 से 14 अप्रैल तक सप्ताहभर विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस संबंध में आयुक्त, अनुसूचित जाति विकास मध्यप्रदेश, भोपाल द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं। सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग शकुंतला डामोर ने बताया कि डॉ. भीवराम अम्बेडकर की जयंती के अवसर पर जिले के सभी शैक्षणिक एवं आवासीय संस्थाओं में साफ-सफाई, रंगाई-पुताई, सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा डॉ. अम्बेडकर के जीवन एवं कृतित्व पर आधारित गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। विद्यार्थियों के लिए निबंध, भाषण, चित्रकला, रंगोली/मेहंदी, खेलकूद और क्विज प्रतियोगिताएं आयोजित कर उनके जीवन संदेशों से परिचित कराया जाएगा। जिला स्तर के साथ ही सभी विकासखंडो, विद्यालयों एवं आवासीय संस्थाओं में भी डॉ. अम्बेडकर के जीवन और कृतित्व पर आधारित कार्यक्रम आयोजित होंगे। 14 अप्रैल को आयोजित मुख्य कार्यक्रम में विद्यार्थियों के अभिभावकों को भी आमंत्रित किया जाएगा। साथ ही एसएमसी, एसएमडीसी एवं पालक समिति की अनिवार्य भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। आवासीय छात्रावासों में रहने वाले विद्यार्थियों को 14 अप्रैल को विशेष भोजन (फीस्ट) प्रदान किया जाएगा। कार्यक्रम स्थलों पर बैकड्रॉप बैनर भी अनिवार्य रूप से लगाए जाएंगे। भानेश साकुरे / 09 अप्रैल 2026