बालाघाट (ईएमएस). होम्योपैथी चिकित्सा पद्धति के जनक डॉ. सैमुअल हैनिमैन की जयंती के अवसर पर आयुष विभाग, जिला बालाघाट द्वारा 10 अप्रैल को जिले की सभी होम्योपैथी औषधालयों में विशेष स्वास्थ्य शिविर एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिला आयुष अधिकारी डॉ. मिलिंद चौधरी ने बताया कि यह कार्यक्रम होम्योपैथिक औषधालय बालाघाट, बैहर, लांजी, मेहंदीवाड़ा, कुम्हारी एवं परसवाड़ा में आयोजित होंगे, जहां आमजन को नि:शुल्क स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जाएंगी। कार्यक्रम के अंतर्गत नागरिकों का नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण, होम्योपैथिक परामर्श, औषधि वितरण तथा जनजागरूकता गतिविधियां संचालित की जाएंगी। साथ ही लोगों को होम्योपैथी चिकित्सा पद्धति के सिद्धांतों एवं इसके सुरक्षित एवं प्रभावी उपयोग के बारे में विस्तार से जानकारी दी जाएगी। डॉ. चौधरी ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इन नि:शुल्क सेवाओं का लाभ उठाएं और अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनें। भानेश साकुरे / 09 अप्रैल 2026