बालाघाट (ईएमएस). प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस शासकीय जटाशंकर त्रिवेदी स्नातकोत्तर महाविद्यालय, बालाघाट में 9 अप्रैल को सम्राट विक्रमादित्य ज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अशोक कुमार मराठे के मार्गदर्शन एवं संरक्षण में संपन्न हुआ। प्रतियोगिता में महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और भारतीय इतिहास, संस्कृति एवं ज्ञान परंपरा से जुड़े विषयों पर अपनी जानकारी का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में एमए द्वितीय सेमेस्टर की छात्रा कृष्णा कुमारी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। द्वितीय स्थान रोशनी पटले तथा तृतीय स्थान ममता भलावी ने हासिल किया। महाविद्यालय प्रबंधन ने बताया कि इस प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों को भारत की प्राचीन ज्ञान परंपरा, धर्म, संस्कृति और विरासत से जोडऩा है। साथ ही युवा पीढ़ी को महान शासक सम्राट विक्रमादित्य के न्यायप्रिय, वीर, कला-प्रेमी और दूरदर्शी व्यक्तित्व से परिचित कराना है। प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को सम्राट विक्रमादित्य के सुशासन, खगोल एवं ज्योतिष ज्ञान, शौर्य और सांस्कृतिक योगदान की जानकारी दी गई। यह आयोजन भारतीय ज्ञान परंपरा को पुनर्जीवित करने की दिशा में एक सार्थक पहल माना जा रहा है। कार्यक्रम में आईक्यूएसी प्रभारी एवं समाजशास्त्र विभागाध्यक्ष डॉ. सीमा श्रीवास्तव, कार्यक्रम संयोजक डॉ. कंचन मसराम, डॉ. रचना कोरी तथा प्रो. चित्रमाला भीमटे सहित महाविद्यालय का स्टाफ उपस्थित रहा। भानेश साकुरे / 09 अप्रैल 2026