ज़रा हटके
10-Apr-2026
...


वाशिंगटन (ईएमएस)। अमेरिका और ईरान के बीच जारी जंग के दौरान ताइवान की खूब चर्चा हो रही है, विशेषकर “डेविडसन विंडो” और वर्तमान वैश्विक राजनीतिक अस्थिरता को लेकर चर्चा है। अमेरिकी इंटेलिजेंस रिपोर्ट के अनुसार, चीन 2027 तक ताइवान पर हमला करने की योजना नहीं तैयार कर रहा है। यह वर्ष इसलिए महत्वपूर्ण माना जाता है क्योंकि अमेरिकी एडमिरल फिलिप डेविडसन ने भविष्यवाणी की थी कि 2021–2027 के बीच चीन अपनी सैन्य ताकत को पूरी तरह तैयार करेगा। हालांकि, अमेरिकी नेतृत्व के अनिश्चित व्यवहार ने चीन को भी अनिश्चित किया है। ट्रंप प्रशासन ने अमेरिका को कई मोर्चों पर उलझा दिया, जिसमें व्यापार युद्ध, ईरान और वेनेजुएला शामिल हैं। इंडो-पैसिफिक से संसाधन हटाकर पश्चिम एशिया में भेजना अमेरिका की रणनीतिक कमजोरी दिखाता है। चीन अपनी पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) को 2027 तक मॉडर्न और कॉम्बैट रेडी बनाने की कोशिश कर रहा है। हालांकि, भ्रष्टाचार, धीमे सैन्य सुधार और हाल ही में शीर्ष जनरलों को हटाना चीन के भीतर समस्याएँ पैदा कर रहा है। राजनीतिक परिदृश्य भी जटिल है ताइवान में डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव पार्टी और कुओमिंतांग के बीच विभाजन है। यदि डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव पार्टी सत्ता में रही, तब तनाव बढ़ सकता है, जबकि कुओमिंतांग के शासन से स्थिति शांत रह सकती है। 2027 में होने वाले अमेरिकी और ताइवान के चुनाव भी महत्वपूर्ण ट्रिगर साबित हो सकते हैं। शी जिनपिंग अपने चौथे कार्यकाल के अंत की ओर और उम्र के कारण ताइवान पर निर्णायक कदम उठाने के लिए अधीर हो सकते हैं। फिर भी, चीन की कार्रवाई अमेरिका की सफलता या असफलता पर निर्भर करेगी। अगर ईरान युद्ध में अमेरिका विजयी होता है,तब चीन नियंत्रित रहेगा और ताइवान खतरे में कम होगा, परंतु यदि विपरीत हुआ, तब इंडो-पैसिफिक रीजन में जोखिम बढ़ सकता है। बात दें कि 2027 तक ताइवान पर चीन का हमला अपेक्षित नहीं है, लेकिन अमेरिका की व्यस्तता और वैश्विक तनाव इसे खतरनाक बना रहे हैं। चीन फिलहाल इंतजार करेगा, अवसर के अनुसार कदम उठाएगा। ट्रंप प्रशासन की रणनीतिक असफलताओं ने अमेरिका को कमजोर और बिखरी हुई स्थिति में डाल दिया है, जिससे चीन भविष्य में लाभ उठा सकता है। इस तरह, ताइवान के लिए यह समय बेहद संवेदनशील और अस्थिर माना जा रहा है। कुल मिलाकर, ताइवान पर चीन का खतरा केवल सैन्य ताकत पर नहीं, बल्कि वैश्विक राजनीतिक अस्थिरता और अमेरिका की व्यस्तता पर भी निर्भर करता है। आशीष/ईएमएस 10 अप्रैल 2026