ज़रा हटके
10-Apr-2026
...


लंदन (ईएमएस)। यूनाइटेड किंगडम समेत कई देशों में युवाओं के बीच ‘लुक्समैक्सिंग’ नाम का बेहद खतरनाक ट्रेंड तेजी से फैल रहा है। इस नए ट्रेंड ने विशेषज्ञों और अभिभावकों की चिंता बढ़ा दी है। इस ट्रेंड में युवा अपने चेहरे को आकर्षक बनाने के लिए हथौड़े से खुद को चोट पहुंचा रहे हैं, ताकि उनका जबड़ा चौड़ा और अधिक प्रभावशाली दिखे। इस खतरनाक ट्रेंड की शुरुआत ब्रेडन एरिक पीटर्स नाम के एक इन्फ्लुएंसर ने की, जो सोशल मीडिया पर ‘क्लेविकुलर’ के नाम से जाना जाता है। 20 वर्षीय पीटर्स ने दावा किया कि उन्होंने महज 14 साल की उम्र से टेस्टोस्टेरॉन लेना शुरू कर दिया था और अपने जबड़े को नया आकार देने के लिए ‘बोन स्मैशिंग’ तकनीक अपनाई। उनके अनुसार, चेहरे की हड्डियों पर हल्की चोट यानी माइक्रो फ्रैक्चर पड़ने से हड्डियां फिर से मजबूत और बेहतर आकार में बनती हैं। उनके सोशल मीडिया अकाउंट्स पर लाखों फॉलोअर्स हैं, जिससे यह ट्रेंड तेजी से युवाओं के बीच फैल गया। लुक्समैक्सिंग को दो हिस्सों में बांटा जाता है सॉफ्टमैक्सिंग और हार्डमैक्सिंग। सॉफ्टमैक्सिंग में जिम, स्किनकेयर और हेयरस्टाइल जैसे सुरक्षित उपाय शामिल होते हैं, जबकि हार्डमैक्सिंग में सर्जरी, स्टेरॉयड और ‘बोन स्मैशिंग’ जैसे खतरनाक तरीके अपनाए जाते हैं। इस ट्रेंड के प्रभाव में कई युवा चेहरे पर हथौड़े, मुक्के या मसाज गन से वार कर रहे हैं। सबसे चिंताजनक बात यह है कि इसमें 10 साल तक के बच्चे भी शामिल होने लगे हैं। डॉक्टरों और विशेषज्ञों ने इस ट्रेंड को बेहद खतरनाक बताया है। फेशियल सर्जन डॉ. जोशुआ रोजेनबर्ग के अनुसार, हड्डियों को जानबूझकर तोड़ना विज्ञान की गलत समझ है और इससे गंभीर नुकसान हो सकता है। इससे चेहरे की हड्डियां टूट सकती हैं, नसों को नुकसान पहुंच सकता है, दांतों में समस्याएं आ सकती हैं और स्थायी विकृति भी हो सकती है। इसके अलावा संक्रमण का खतरा भी काफी बढ़ जाता है। इस बीच पुलिस ने ब्रेडन एरिक पीटर्स को फ्लोरिडा में गिरफ्तार कर लिया है। उन पर मारपीट से जुड़े आरोप लगाए गए हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्होंने अपनी गर्लफ्रेंड और एक अन्य महिला के बीच झगड़ा करवाया और उसे लाइव स्ट्रीम किया। इससे पहले भी उनके कई विवादास्पद वीडियो सामने आ चुके हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि लुक्समैक्सिंग ट्रेंड की जड़ें इंसेल कम्युनिटी से जुड़ी हैं, जहां यह धारणा प्रचलित है कि आकर्षक दिखना ही सफलता और रिश्तों की कुंजी है। सुदामा/ईएमएस 10 अप्रैल 2026