- ग्राम पंचायत चाकाबुड़ा के गौटिया मोहल्ला में घटित हुई घटना कोरबा (ईएमएस) कोरबा-पश्चिम में ग्राम पंचायत चाकाबुड़ा के गौटिया मोहल्ला में चोरी की घटना सामने आई है। ग्राम में रहने वाले एक ग्रामीण के घर को निशाना बनाते हुए अज्ञात चोरों ने घर के आंगन का ताला तोड़कर वारदात को अंजाम दिया। जानकारी के अनुसार चोरों ने घर में घुसकर लगभग दो तोला सोने का लॉकेट (छोटे-छोटे टुकड़ों में) तथा गेहूं दाना डिजाइन के सोने के करीब 10 से 15 दाने, साथ ही करीब दो पेज चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। इसके अलावा अलमारी में रखे करीब 20 हजार नगद भी चोर अपने साथ ले गए। चोरों ने केवल नगदी और जेवरात ही नहीं, बल्कि अलमारी में रखी साड़ियां, पैट-शर्ट और बच्चों के कुछ सामान भी पार कर दिए। घटना स्थल का निरीक्षण करने पर घर के पीछे की ओर से आने-जाने के पैरों के निशान मिले हैं, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि चोर उसी रास्ते से अंदर घुसे और फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द चोरों की गिरफ्तारी और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि इस प्रकार की चोरियां आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार बढ़ रही हैं। कई जगहों पर मोटर पंप, साइकिल, नकदी और घरेलू सामान की चोरी की घटनाएं सामने आ रही हैं, लेकिन आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण कई पीड़ित थाना तक शिकायत दर्ज कराने नहीं पहुंच पाते। आने-जाने का खर्च और समय की कमी उनके लिए बड़ी बाधा बन जाती है, जिससे कई मामले दर्ज ही नहीं हो पाते और चोरों के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि ग्रामीण इलाकों में नियमित पेट्रोलिंग बढ़ाई जाए। - 11 अप्रैल / मित्तल