सक्ती(ईएमएस)। जिले में भ्रष्टाचार और घटिया निर्माण को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। जिला पंचायत सीईओ वासु जैन ने जैजैपुर जनपद की ग्राम पंचायत पिसौद का औचक निरीक्षण किया, जहां विकास कार्यों की जमीनी हकीकत देखकर उन्होंने नाराजगी जताई। निरीक्षण के दौरान डीएमएफ मद से बनी दो सीसी सड़कों का जायजा लिया गया, जिनकी लागत करीब 40 लाख रुपए है। मौके पर सड़कों की फिनिशिंग और सामग्री की गुणवत्ता बेहद खराब पाई गई। निर्माण में निर्धारित मानकों की अनदेखी साफ नजर आई। सीईओ ने तत्काल सरपंच और सचिव को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही तकनीकी टीम को बुलाकर विस्तृत जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा। गांव के लोगों ने आंतरिक सड़कों और गलियों की खराब हालत के साथ पेयजल संकट की समस्या भी बताई। इस पर सीईओ ने संबंधित अधिकारियों को गलियों की मरम्मत और पानी की व्यवस्था सुधारने के लिए तत्काल कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। सीईओ वासु जैन ने स्पष्ट कहा कि सरकारी राशि का दुरुपयोग किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पिसौद में सड़क निर्माण की गुणवत्ता मानकों के अनुरूप नहीं है, इसलिए जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई तय है। उन्होंने कहा कि तकनीकी जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सत्यप्रकाश(ईएमएस)11 अप्रैल 2026