क्षेत्रीय
11-Apr-2026
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। राजधानी दिल्ली समेत एनसीआर में नशा तस्करी करने वाले गिरोह से जुडी तीन महिला तस्करों को दक्षिणी पूर्वी जिले की एंटी-नारकोटिक्स स्क्वाड ने गिरफ्तार किया है। आरोपितों में बिहार के सुपौल जिले के गिदराही गांव निवासिनी दारो देवी, लाजपत नगर के मद्रासी कैंप निवासिनी आरती व जल विहार निवासिनी सुधा शामिल हैं। इनके पास से 23 किलो गांजा, 252.15 ग्राम सोना, 28 ग्राम स्मैक और 2,90,230 रुपये नकद बरामद हुए। दक्षिणी पूर्वी जिला पुलिस के मुताबिक पांच अप्रैल को एंटी-नारकोटिक्स स्क्वाड को सराय काले खां इलाके में एक महिला नशा तस्कर की गतिविधियों को लेकर सूचना मिली। टीम ने इसके आधार पर 22.02 किलो गांजे के साथ एक महिला पकड़ा। उसकी पहचान दारो देवी के रूप में हुई। उसकी निशानदेही पर टीम ने आरती को गिरफ्तार किया। उसके पास से 244 ग्राम सोने के आभूषण व 2,90,230 रुपये नकद -व 1.264 किलोग्राम गांजा बरामद किया। इसी क्रम में टीम ने जल विहार निवासी सुधा को 28 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया। थाना लाजपत नगर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21, 61, 85 के तहत एफआइर दर्ज कर तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/11/ अप्रैल /2026