जशपुर(ईएमएस)। जिले के पत्थलगांव क्षेत्र में एक टेंट हाउस के गोदाम में भीषण आग लगने से लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया। यह घटना पाकरगांव स्थित बेहरा टेंट हाउस के गोदाम की है, जहां आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गोदाम के पीछे कचरा जलाया जा रहा था। इसी दौरान उठी चिंगारी गोदाम में रखे ज्वलनशील टेंट और सजावटी सामान तक पहुंच गई, जिससे आग तेजी से फैल गई। स्थानीय लोगों ने शुरुआत में आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन लपटें इतनी तेज थीं कि स्थिति जल्द ही नियंत्रण से बाहर हो गई। सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक गोदाम में रखा अधिकांश सामान पूरी तरह जल चुका था। टेंट हाउस संचालक नित्या बेहरा ने इसे लापरवाही का परिणाम बताते हुए प्रशासन से मुआवजे की मांग की है। उन्होंने कहा कि इस घटना से उनकी आजीविका पर गंभीर असर पड़ा है। तहसीलदार प्रांजल मिश्रा ने बताया कि आग पर नियंत्रण पा लिया गया है और राजस्व टीम नुकसान का आकलन कर रही है। एसडीओपी ध्रुवेश जायसवाल के अनुसार, शुरुआती जांच में कचरा जलाने से आग लगने की बात सामने आई है। पुलिस ने आगजनी का मामला दर्ज कर विस्तृत जांच शुरू कर दी है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)11 अप्रैल 2026