मुंबई, (ईएमएस)। मुंबई के पश्चिमी उपनगर विले पार्ले इलाके में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां ट्रैफिक विभाग द्वारा भारी जुर्माना लगाए जाने के बाद एक ऑटो रिक्शा चालक ने फिनाइल पीकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। हालांकि, मौके पर मौजूद अन्य लोगों की तत्परता से उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जिससे उसकी जान बच गई। मिली जानकारी के अनुसार, संबंधित रिक्शा चालक शेयरिंग में सवारी ले जा रहा था। इसी दौरान एक सीट पर एक अतिरिक्त यात्री बैठाने के आरोप में ट्रैफिक विभाग ने उस पर करीब 12,200 रूपये का जुर्माना लगा दिया। बताया जा रहा है कि चालक जुर्माना भरने को तैयार था, लेकिन इसके बावजूद उसकी रिक्शा जबरन सांताक्रूज़ स्थित ट्रैफिक विभाग के पास जमा करवा दी गई। इस कार्रवाई से नाराज होकर चालक ने फिनाइल पी लिया। आसपास मौजूद अन्य रिक्शा चालकों ने तुरंत उसे कूपर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है। इस घटना के बाद इलाके में रिक्शा चालकों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। रिक्शा चालक संघ ने ट्रैफिक विभाग पर मनमानी और एकतरफा कार्रवाई करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि केवल रिक्शा चालकों को निशाना बनाया जा रहा है। रिक्शा चालक के परिजनों ने भी ट्रैफिक विभाग के अधिकारी अनिल सकपाल पर गंभीर आरोप लगाए हैं। चालक के बेटे ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर उसके पिता को कुछ होता है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित अधिकारी की होगी। रिक्शा चालक संघ का आरोप है कि एक दिन में करीब 75,000 रूपये तक का जुर्माना वसूला जा रहा है, जो गरीब चालकों के लिए बेहद मुश्किल है। उन्होंने यह भी कहा कि पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था न होने के बावजूद सड़क पर वाहन खड़ा करने पर 1,500 रूपये तक का जुर्माना लगाया जाता है। इस पूरे मामले को लेकर रिक्शा चालक संघ ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने जल्द ही न्याय नहीं दिया, तो विले पार्ले क्षेत्र में रिक्शा सेवाएं पूरी तरह बंद कर दी जाएंगी और चालक सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करेंगे। संजय/संतोष झा-११ अप्रैल/२०२६/ईएमएस