मुंबई, (ईएमएस)। दक्षिण मुंबई के वाडीबंदर इलाके में अवैध गैस सिलेंडर भंडारण और परिवहन करने वाले एक बड़े रैकेट का खुलासा हुआ है। जानकारी के अनुसार राशनिंग विभाग की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी करते हुए 451 गैस सिलेंडर और 8 वाहनों समेत कुल 40 लाख 61 हजार 716 रुपये का सामान जब्त किया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, वाडीबंदर ब्रिज और डोंगरी क्षेत्र में गैस सिलेंडरों की अवैध आवाजाही की सूचना नागरी आपूर्ति विभाग के नियंत्रक चंद्रकांत डांगे को मिली थी। इस सूचना के आधार पर उन्होंने विशेष निर्देश जारी किए, जिसके बाद अधिकारियों ने इलाके में जाल बिछाकर कार्रवाई को अंजाम दिया। छापेमारी के दौरान टीम ने 8 वाहनों को कब्जे में लिया, जिनमें घरेलू और व्यावसायिक उपयोग के कुल 451 सिलेंडर पाए गए। यह पूरी कार्रवाई उपनियंत्रक (प्रवर्तन) गणेश बेल्लाले और उपनियंत्रक (परिमंडल ‘अ’) माधुरी शिंदे के मार्गदर्शन में की गई। मौके पर सहायक राशनिंग अधिकारी प्रदीप यादव के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई को सफलतापूर्वक अंजाम दिया। इस टीम में भूपेंद्र गवली, महेश देशपांडे, राहुल सालुंखे सहित 14 अन्य कर्मचारी शामिल थे। कार्रवाई के बाद नियंत्रक चंद्रकांत डांगे ने सख्त संदेश देते हुए कहा कि जीवनावश्यक वस्तुओं की कालाबाजारी या अवैध भंडारण कर आम लोगों का शोषण करने वालों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि विभाग की नजर संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार बनी रहेगी और भविष्य में इससे भी कठोर कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, आरोपियों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मामला दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है। साथ ही प्रशासन इस पूरे रैकेट की जड़ तक पहुंचने के लिए आगे की जांच में जुटा हुआ है। स्वेता/संतोष झा-११ अप्रैल/२०२६/ईएमएस