वकील के ही गांव का है आरोपी राजेंद्र, लड़ चुका है ग्राम प्रधान का चुनाव मिर्जापुर,(ईएमएस)। शनिवार सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले सीनियर वकील की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि हमलावर बाइक से आए थे। उन्हें रास्ते में रोका और सीने पर बंदूक रखकर गोली मार दी। खून से लथपथ वकील जमीन पर गिर गए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गए। पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई। पुलिस के मुताबिक वकील राजीव सिंह (45) रोज की तरह मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। रास्ते में बाइक सवार दो बदमाश आए और सरेराह रोककर गोली मार दी। भागते वक्त उनकी बाइक बंद हो गई। लोग उन्हें पकड़ने दौड़े तो उन्होंने उन पर बंदूक तान दी। डरकर लोग रुक गए। मामला जिला मुख्यालय से 2 किलोमीटर दूर कटरा कोतवाली क्षेत्र के कतवारु का पुरा मोहल्ले का है। चुनावी रंजिश में हत्या की बात सामने आई है। मृतक की पत्नी ग्राम प्रधान हैं। हमलावर की पहचान हो चुकी है उसका नाम राजेंद्र सोनकर है। वह भी वकील के गांव में प्रधान चुनाव लड़ चुका है। 7 महीने पहले भी हमलावर ने वकील से मारपीट की थी। गिरफ्तारी के लिए टीमें बनाई गई हैं। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक करीब एक मिनट के सीसीटीवी में दिख रहा है कि हमलावर बाइक से आए थे। नीली शर्ट पहने आरोपी बाइक चला रहा था। सफेद पैंट शर्ट के साथ गले में गमछा लटकाए हमलावर पीछे बैठा था। वकील को देखकर हमलावर हाथ में तमंचा लेकर उतरता है। सरेराह रोककर फायर कर देता है। वकील की पत्नी गांव में प्रधान, शहर में किराए पर रहते थे मूलरूप से विंध्याचल थाना के देवरी गांव के रहने वाले वकील राजीव सिंह उर्फ रिंकू कटरा कोतवाली क्षेत्र के कतवारू का पुरा में रहते थे। एसएसपी ने बताया कि पूरी घटना पास में लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। जिससे मुख्य आरोपी की पहचान की गई। मुख्य आरोपी राजेंद्र सोनकर भी मूलरूप से विंध्याचल थाना के देवरी गांव का रहने वाला है। प्रधानी चुनाव लड़ चुका है। उसकी राजीव सिंह की पत्नी प्रतिभा सिंह से चुनावी रंजिश चल रही थी। हालांकि, दूसरे आरोपी की अब तक पहचान नहीं हो सकी है। सिराज/ईएमएस 11अप्रैल26 -------------------------------