सांसद बनने के बाद नीतीश कुमार का नया ठिकाना सर्कुलर रोड बंगला होगा पटना,(ईएमएस)। बिहार सीएम नीतीश कुमार के राज्यसभा सांसद बनने के बाद अब उनके आधिकारिक आवास के खाली होने के वीडियो सामने आए हैं। शनिवार से ही सीएम का सामान धीरे-धीरे 7 सर्कुलर रोड स्थित बंगले में भेजा जा रहा है। ये वही बंगला है जो पूर्व सीएम के तौर पर उनके लिए तैयार किया गया है। सामान की ये शिफ्टिंग इस बात का संकेत है कि नीतीश कुमार 14 अप्रैल को सीएम पद से अपना इस्तीफा सौंप सकते हैं। इस प्रशासनिक और व्यक्तिगत हलचल ने पटना के राजनीतिक तापमान को सातवें आसमान पर पहुंचा दिया है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि नीतीश कुमार संविधान 14 अप्रैल को अपने पद से त्यागपत्र दे सकते हैं। इस तारीख को चुनने के पीछे कई सियासी मायने भी निकाले जा रहे हैं। इस्तीफे की औपचारिकता पूरी होते ही वे सीएम आवास खाली कर देंगे, जिसकी तैयारी सामान की शिफ्टिंग के रूप में शुरू हो चुकी है। नीतीश कुमार का नया ठिकाना अब 7 सर्कुलर रोड होगा। पिछले कुछ दिनों से इस बंगले में युद्ध स्तर पर रेनोवेशन और साज-सज्जा का काम चल रहा था। खुद नीतीश ने कुछ समय पहले वहां जाकर काम की प्रगति का जायजा लिया था। अब जब उनके राज्यसभा सदस्य के तौर पर शपथ ले लिए तो इस बंगले को उनके रहने के लिए पूरी तरह तैयार कर लिया गया है। बता दें मुख्यमंत्री आवास से सामान का बाहर निकलना केवल एक व्यक्ति का घर बदलना नहीं, बल्कि बिहार में एक युग के अंत और नए नेतृत्व के उदय का प्रतीक है। बीजेपी के साथ चल रही बैठकों के बीच ये साफ हो गया है कि अब सीएम की कुर्सी पर कोई नया चेहरा बैठेगा। नीतीश ने दिल्ली जाने से पहले अपने घर को समेटना शुरू कर दिया है, जो शांतिपूर्ण सत्ता परिवर्तन की ओर इशारा है। बता दें पटना का 1 अणे मार्ग पिछले करीब दो दशकों से नीतीश कुमार के शासन का केंद्र रहा है। इस पते से बिहार की कई ऐतिहासिक योजनाओं और फैसलों की घोषणा हुई है। अब वहां से ट्रकों में सामान का बाहर जाना ये बताता है कि बिहार की राजनीति की धुरी अब इस पते से शिफ्ट होकर कहीं और जाने वाली है। 15 अप्रैल के बाद यहां किसी नए नाम की नेमप्लेट लगी होगी। सिराज/ईएमएस 11अप्रैल26 ----------------------------------