नागपुर (ईएमएस)। बॉलीवुड सुपरस्टार रणवीर सिंह इन दिनों अपनी फिल्म धुरंधर 2: द रिवेंज की सक्सेस को लेकर चर्चा में हैं। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस के हर बड़े रिकॉर्ड को तोड़ दिया। अब इस बड़ी जीत के बीच रणवीर सिंह नागपुर पहुंचे, जहां उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) प्रमुख मोहन भागवत से मुलाकात की। अभिनेता रणवीर इस दौरान सफेद कुर्ता-पायजामा पहने दिखाई दिए। उनकी इस यात्रा और आरएसएस ऑफिस की तस्वीरें अब सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही हैं। रिपोर्ट के अनुसार, रणवीर शाम करीब 4 बजे नागपुर के डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरे। वहां से सीधे महल इलाके में स्थित संघ के मुख्यालय पहुंचे। रणवीर ने संघ मुख्यालय में लगभग डेढ़ घंटा बिताया। इस दौरान उन्होंने भागवत से मुलाकात कर फिल्म धुरंधर 2 के बारे में भी विस्तार से चर्चा की। मुलाकात के साथ-साथ रणवीर ने संघ के कामकाज, उनकी सेवा योजनाओं और जमीनी स्तर पर किए जा रहे काम के बारे में जानकारी ली। मुख्यालय के बाद रणवीर रेशिमबाग स्थित डॉ. हेडगेवार स्मृति मंदिर भी पहुंचे। वहां उन्होंने आरएसएस के संस्थापक डॉ. के.बी. हेडगेवार और सरसंघचालक एम.एस. गोलवलकर को श्रद्धांजलि अर्पित की। वहीं इस बीच जहां एक ओर फिल्म सफलता के झंडे गाड़ रही है, वहीं दूसरी तरफ कुछ लोग प्रोपेगेंडा बताकर आलोचना भी कर रहे हैं। इस लेकर बीते दिनों फिल्ममेकर संदीप रेड्डी वांगा ने कड़ा जवाब दिया था। वांगा ने फिल्म का बचाव कर लिखा कि कुछ लोग जानबूझकर सच को प्रोपेगैंडा का नाम दे रहे हैं। उन्होंने आदित्य धर और रणवीर की जमकर तारीफ कर कहा कि यह फिल्म जबरदस्त है और आलोचना करने वाले लोग असल में डरे हुए हैं। आशीष दुबे / 11 अप्रैल 2026