-चिकित्सा सामग्री की दूसरी खेप पहुंचने पर राजदूत ने कहा- इस्लामिक रिपब्लिक एहसानमंद नई दिल्ली,(ईएमएस)। पाकिस्तान में जारी कूटनीतिक वार्ताओं के बीच भारत द्वारा भेजी गई मानवीय सहायता पर ईरान ने खुले तौर पर आभार व्यक्त किया है। भारत में ईरान के राजदूत मोहम्मद फथाली ने कहा कि इस्लामिक रिपब्लिक भारत और उसकी जनता का एहसानमंद रहेगा। भारत ने हाल ही में चिकित्सा सामग्री की दूसरी खेप रेड क्रिसेंट सोसाइटी को भेजी है। इस सहायता में जरूरी दवाएं, जीवनरक्षक उपकरण, कंबल, प्लास्टिक शीट और खाद्य सामग्री शामिल हैं। राजदूत फथाली ने अपने संदेश में भारतीय जनता की संवेदनशीलता और सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि मुश्किल समय में भारत के लोगों ने जिस तरह की दयालुता दिखाई है, वह सराहनीय है। उन्होंने भारत सरकार को भी आवश्यक सामग्री भेजने के लिए धन्यवाद दिया। इस बीच नई दिल्ली स्थित ईरानी दूतावास ने एक महत्वपूर्ण सूचना जारी करते हुए लोगों से आर्थिक योगदान भेजने से परहेज करने की अपील की है। दूतावास ने स्पष्ट किया कि पहले जिन बैंक खातों को सहायता राशि प्राप्त करने के लिए निर्धारित किया गया था, उन्हें अब निष्क्रिय कर दिया गया है। दूतावास ने लोगों से अनुरोध किया है कि वे किसी भी ऐसे खाते में धनराशि हस्तांतरित न करें, जो दूतावास के नाम पर प्रस्तुत किया जा रहा हो। यह कदम पारदर्शिता बनाए रखने और संभावित दुरुपयोग को रोकने के उद्देश्य से उठाया गया है। गौरतलब है कि अप्रैल 2026 के दौरान भारत के विभिन्न हिस्सों, विशेष रूप से कश्मीर और अन्य राज्यों से नागरिकों ने भी ईरान के समर्थन में आगे आकर नकद, सोना और चांदी जैसी सहायता दी है। इस मानवीय सहयोग को दोनों देशों के बीच मजबूत संबंधों और आपसी विश्वास का प्रतीक माना जा रहा है, खासकर ऐसे समय में जब क्षेत्रीय स्तर पर तनाव और अनिश्चितता बनी हुई है। हिदायत/ईएमएस 11अप्रैल26